फर्जी दस्तावेज बनाकर किसानों के नाम पर निकाला कर्ज
शेयरधारकों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
सिरसी. दासनकोप्पा स्थित कालंगी सहकारी बैंक में करोड़ों रुपए के कथित घोटाले का मामला सामने आने से इलाके में हडक़ंप मच गया है। किसानों और शेयरधारकों ने बैंक प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बैंक के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
आरोप है कि बैंक में किसानों के नाम और दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी ऋण दिखाए गए तथा करोड़ों रुपए अलग-अलग खातों में स्थानांतरित कर निकाल लिए गए।
बैंक में दो हजार से अधिक किसान सदस्य हैं। किसान हर वर्ष फसल ऋण लेकर समय पर भुगतान करते थे और क्लियरेंस सर्टिफिकेट भी प्राप्त करते थे। लेकिन हाल ही में जब 60 से अधिक किसान दोबारा ऋण लेने पहुंचे, तो बैंक कर्मचारियों ने पुराने कर्ज बकाया होने की बात कहकर उन्हें चौंका दिया। कई किसानों को तो पहले से लिए गए ऋण की दोगुनी राशि जमा करने के नोटिस भी जारी किए गए।
पीडि़त किसानों का आरोप है कि ऋण आवेदन के दौरान जमा किए गए दस्तावेजों का उपयोग कर उनके खातों से करोड़ों रुपए आरटीजीएस के माध्यम से अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा बैंक की करीब 69 लाख रुपए की राशि हानगल के एक व्यक्ति को ब्याज कारोबार के लिए हस्तांतरित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
जमा राशि लौटाने में भी असमर्थ बैंक
घोटाले की खबर फैलने के बाद ग्राहक अपनी जमा राशि निकालने बैंक पहुंचे, लेकिन उन्हें बैंक में धनराशि उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। इससे शेयरधारकों और जमाकर्ताओं में भारी आक्रोश है।
बैंक के सचिव सुनील बसवराज गौड़ा पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कम से कम 25 लाख रुपए से अधिक की हेराफेरी करने का आरोप है। हालांकि पीडि़तों का कहना है कि 12 सदस्यीय प्रबंधन समिति की जानकारी और मंजूरी के बिना इतने बड़े स्तर पर ऋण स्वीकृत होना संभव नहीं है।
जांच का आश्वासन
मामले की जानकारी मिलते ही सहकारिता विभाग की उपनिबंधक तेजस्विनी ने बैंक पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में धन के दुरुपयोग के संकेत मिले हैं और जिला सहकारी संघों के संयुक्त प्रबंधक की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल किसानों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और जमा धन सुरक्षित लौटाने की मांग को लेकर बैंक के सामने धरना जारी रखा है। किसानों का कहना है कि उनकी मेहनत की कमाई बैंक अधिकारियों की कथित लालच की भेंट चढ़ गई है और अब न्याय के लिए उन्हें सडक़ पर उतरना पड़ा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

