94 प्रतिशत फॉलोअर्स भारतीय होने का दावा
युवाओं को ‘पाकिस्तानी’ बताने पर उठाए सवाल
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू द्वारा इस डिजिटल अभियान को पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस समर्थित नेटवर्क से जुड़ा बताने के बाद, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सार्वजनिक रूप से पलटवार किया है।
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर अपनी पार्टी के फॉलोअर्स का स्क्रीन रिकॉर्डिंग डेटा साझा करते हुए दावा किया कि उनके 94 प्रतिशत से अधिक फॉलोअर्स भारतीय हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अधिकांश समर्थक भारत के युवा हैं, तो उन्हें “पाकिस्तानी” क्यों कहा जा रहा है।
दिपके ने कहा कि उनका अकाउंट हैक होने से पहले यह आंकड़े मीडिया के साथ साझा किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज उठाने वाले डिजिटल मंच को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने बिना नाम लिए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि “कुछ लोग पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस गैंग से फॉलोअर्स जुटाकर खुश हो रहे हैं”, जबकि भारत में ही बड़ी संख्या में जागरूक और ऊर्जावान युवा मौजूद हैं। मंत्री ने भारत विरोधी नेटवर्क से मान्यता लेने की आवश्यकता पर सवाल उठाया था।
क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक व्यंग्यात्मक डिजिटल अभियान के रूप में उभरी है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान “कॉकरोच” और “परजीवी” जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हुई थी। इसके बाद यह अभियान बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बडिय़ों, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और छात्रों की समस्याओं जैसे मुद्दों को उठाने लगा।
विशेष रूप से नीट-यूजी पेपर लीक विवाद के बाद इस मंच को युवाओं और छात्रों का व्यापक समर्थन मिला। सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी कि कुछ ही दिनों में इसके फॉलोअर्स कई बड़े राजनीतिक दलों के आधिकारिक पेजों के बराबर या उससे अधिक बताए जाने लगे।
अब केंद्रीय मंत्री और इस डिजिटल अभियान के संस्थापक के बीच छिड़ी बयानबाजी ने राजनीतिक और सोशल मीडिया जगत में नई बहस को जन्म दे दिया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
