आलाकमान के निर्देश के बाद विधायक मीडिया से नहीं करेंगे चर्चा
दावणगेरे. कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाओं के बीच चन्नगिरी के विधायक शिवगंगा बसवराज ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान की ओर से इस विषय पर कोई बयान न देने के सख्त निर्देश मिले हैं।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बसवराज ने कहा कि दिल्ली में बैठक चल रही है और आलाकमान के निर्देशों के कारण कोई भी विधायक इस विषय पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं बोलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बदलाव के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है। इस संबंध में हमें कुछ नहीं बताया गया है।
गौरतलब है कि शिवगंगा बसवराज पहले कई मौकों पर उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के समर्थन में मुख्यमंत्री पद को लेकर बयान देते रहे हैं। हालांकि इस बार उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध ली।
“जहां परिश्रम होता है, वहीं इतिहास बनता है” संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बात सही है, लेकिन वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम पर वह कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे। उन्होंने स्पष्ट रूप से “नो कमेंट्स” कहकर आगे की चर्चा टाल दी।
दिल्ली दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ नेता अपने निजी कार्यों से भी दिल्ली गए हो सकते हैं और उन्हें पूरी जानकारी नहीं है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

