भूमि विवाद बना छह लोगों की निर्मम हत्या का कारण
एक ही परिवार के पांच सदस्यों सहित छह की गई थी हत्या
विजयपुर. पूरे राज्य को झकझोर देने वाले चडचन तालुक के गोविंदपुर गांव में हुए छह लोगों के सामूहिक हत्याकांड के मामले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, मुख्य आरोपियों सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश जारी है।
चेतनकुमार निराले की शिकायत के आधार पर कल्लणगौड़ा पाटील, अप्पुगौड़ा पाटील, ईश्वरप्पा पाटील, प्रकाश पाटील, प्रशांत उर्फ परुगौड़ा पाटील, सिद्धराम पाटील, लायप्पा बिरादार, चिदानंदगौड़ा कोली उर्फ टक्कलकी, मासिद्द श्रीमंत बिरादार, श्रीमंत बिरादार, शंकरप्पा अरकेरी तथा अप्पासाहेब भोवी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच के अनुसार लगभग 25 एकड़ विवादित भूमि को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव था। निराले परिवार ने हाल ही में यह जमीन खरीदी थी। गुरुवार को जमीन की सफाई और खेती की तैयारी के लिए परिवार के सदस्य वहां काम कर रहे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस आरोपी मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले गोलीबारी की और बाद में धारदार हथियारों से हमला कर छह लोगों की निर्मम हत्या कर दी। मृतकों में चंद्रशेखर निराले, दुंडप्पा निराले, शिवपुत्रप्पा निराले, राहुल निराले, समर्थ निराले तथा मजदूरी के लिए आए शब्बीर शामिल हैं। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल होकर बच निकले और उनका उपचार चल रहा है।
उत्तर परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटिल ने बताया कि घटना के बाद फरार हुए 10 आरोपियों को महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के अक्कलकोट तालुक स्थित कूर्ला गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। तीन डीएआर और चार केएसआरपी टुकडिय़ों को मौके पर लगाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर डेरा डाले हुए हैं और मामले की गहन जांच जारी है।
भीमा तट क्षेत्र पहले भी खूनी रंजिशों और प्रतिशोधात्मक हत्याओं के लिए कुख्यात रहा है। ताजा हत्याकांड ने एक बार फिर पूरे इलाके को दहला दिया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
