गर्मी से राहत पाने के लिए नहाने गए थे बच्चे
एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
हुब्बल्ली. धारवाड़ तालुक स्थित सिंगनल्ली गांव के समीप करेम्मा तालाब में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार को हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
मृतकों की पहचान सिंगनल्ली निवासी अनवर वटनाल (13), सुभानी इसाक बागजिकोप्पा (12) तथा मेहबूब सुभानी वटनाल (15) के तौर पर की गई है।
मेहबूब वटनाल और अनवर वटनाल आपस में भाई थे तथा सिंगनल्ली गांव के निवासी थे। वहीं सुभानी बागजिकोप्पा बेलगावी जिले के बैलहोंगल तालुक का रहने वाला था और गर्मी की छुट्टियां बिताने अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था।
शनिवार दोपहर तेज गर्मी से राहत पाने के लिए तीनों किशोर करेम्मा तालाब में नहाने गए थे। तालाब की गहराई का अनुमान न होने के कारण एक बालक डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरे दो बालक भी पानी में उतर गए और तीनों गहरे पानी में समा गए।
शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश शुरू करने पर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही गरग पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को तालाब से बाहर निकाला गया।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गरग पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
