बोलने से पहले सावधान रहे भाजपा नेता
विजयेंद्र और आर. अशोक पर साधा निशाना
विजयपुर. भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटील यत्नाल ने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी व्यक्तिगत द्वेष की राजनीति नहीं की। साथ ही उन्होंने भाजपा के कुछ नेताओं को बयान देने से पहले सावधानी बरतने की सलाह दी।
विजयपुर में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए यत्नाल ने कहा कि सिद्धरामय्या एक वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं। हम उनकी आलोचना करते रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी पुरानी फाइलें निकालकर राजनीतिक प्रतिशोध लेने का प्रयास नहीं किया। यह उनका बड़ा गुण है।
मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए यत्नाल ने कहा कि सिद्धरामय्या ने इस्तीफा दे दिया है और डी.के. शिवकुमार विधायक दल के नेता चुने गए हैं। शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने पर, सबसे अधिक खुशी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र को होगी। उन्होंने दावा किया कि दोनों नेताओं के बीच निकट संबंध हैं और इसी संदर्भ में उन्होंने विजयेंद्र पर परोक्ष हमला बोला।
यत्नाल ने भाजपा नेता बी.वाई. विजयेंद्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक को भी सलाह देते हुए कहा कि उन्हें सार्वजनिक बयान देने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए।
सिद्धरामय्या के संभावित इस्तीफे संबंधी अफवाहों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विजयपुर में कुछ लोगों द्वारा पटाखे फोडक़र खुशी मनाने की खबरें सामने आई थीं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सिद्धरामय्या ने किसी समुदाय के साथ अन्याय नहीं किया है।
विजयपुर जिले की कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए यत्नाल ने कहा कि भीमा तट क्षेत्र में एक बार फिर हिंसक घटनाएं और हत्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि यदि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो जनता का कानून व्यवस्था और पुलिस तंत्र से विश्वास उठ सकता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

