प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चार नामों की दौड़
विजयेंद्र, वी. सोमन्ना, शोभा करंदलाजे और महेश टेंगिनकाई के नाम चर्चा में
दिल्ली में तेज हुई राजनीतिक हलचल
हुब्बल्ली. कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया के बीच कर्नाटक भाजपा में भी संगठनात्मक बदलावों की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर दिल्ली स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं और कई वरिष्ठ नेता सक्रिय हो गए हैं।
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्री वी. सोमन्ना, केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे, वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र तथा विधायक महेश टेंगिनकाई के नाम संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है, जिसमें कर्नाटक के कुछ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।
इसी बीच कांग्रेस में हुए नेतृत्व परिवर्तन और राष्ट्रीय स्तर पर चल रही राजनीतिक कवायद के मद्देनजर बी.वाई. विजयेंद्र शुक्रवार रात ही नई दिल्ली पहुंच गए। राजनीतिक गलियारों में केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और फेरबदल की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं। माना जा रहा है कि यदि केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव होता है तो राज्य की राजनीतिक समीकरणों पर भी उसका प्रभाव पड़ सकता है।
विजयेंद्र के करीबी सूत्रों का कहना है कि उनका दिल्ली दौरा केवल संगठनात्मक बदलाव तक सीमित नहीं है। बताया जा रहा है कि वे राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर पार्टी नेतृत्व से चर्चा कर रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने दिल्ली में किन-किन नेताओं से मुलाकात की है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि उन्होंने पार्टी के कर्नाटक प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल सहित वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बाद भाजपा के भीतर भी सामाजिक और जातीय समीकरणों को लेकर नए सिरे से मंथन शुरू हो गया है। इसी कारण प्रदेश अध्यक्ष और विपक्ष के नेता के पदों को लेकर भी विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं चल रही हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने राज्य के लगभग 30 प्रमुख नेताओं से संगठनात्मक नेतृत्व को लेकर राय भी जुटाई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
