ईंधन और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कलबुर्गी. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई, ईंधन कीमतों और बेरोजगारी के कारण जनता का भरोसा लगातार कम हो रहा है।
कलबुर्गी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए खरगे ने वाणिज्यिक गैस सिलेंडर तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है और परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है।
खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री केवल भाषणों के माध्यम से लोगों को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं, जबकि वास्तविक समस्याओं के समाधान पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस राहत और प्रभावी नीतियों की आवश्यकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री हर मुद्दे पर विपक्ष को दोषी ठहराते हैं। उनके अनुसार, विपक्ष हमेशा देशहित और जनहित के मुद्दों को उठाता रहा है तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी बढ़ रही है और डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति भी कमजोर हुई है। इन आर्थिक चुनौतियों के प्रति केंद्र सरकार गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। कांग्रेस सरकार की ओर से शुरू की गई मनरेगा जैसी योजनाओं को भी कमजोर करने का प्रयास किया गया।
खरगे ने कहा कि केंद्र सरकार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढक़र महंगाई, रोजगार और आर्थिक विकास जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

