सिराज अहमद ने किया स्पष्ट
जमीर अहमद खान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप
ऑडियो को बताया पूरी तरह संपादित
दावणगेरे. सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों में वायरल हो रहे कथित ऑडियो को लेकर कांग्रेस नेता एवं वक्फ बोर्ड के पूर्व जिला अध्यक्ष सिराज अहमद ने सफाई देते हुए कहा है कि यह ऑडियो वास्तविकता से कोसों दूर है और इसमें सुनाई देने वाली आवाज उनकी नहीं है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिराज अहमद ने कहा कि उनकी और मंत्री जमीर अहमद खान के बीच इस प्रकार की कोई फोन वार्ता कभी नहीं हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीर अहमद खान हमेशा पार्टी की मजबूती और चुनावी जीत के लिए ही कार्य करते रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में डीके शिवकुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के समय जमीर अहमद खान की राजनीतिक छवि धूमिल करने तथा उन्हें महत्वपूर्ण पद मिलने से रोकने के उद्देश्य से यह सुनियोजित साजिश रची गई है। अतीत में भी कुछ नेताओं के खिलाफ इसी तरह के प्रयास किए गए थे।
सिराज अहमद ने दावा किया कि वायरल ऑडियो पूरी तरह संपादित और कृत्रिम रूप से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि ऑडियो किसने बनाया और इसे सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि उनकी श्रीनिवास दासकरियप्पा से कोई फोन पर बातचीत नहीं हुई है। मतदान के दिन बूथ पर सामान्य मुलाकात के अलावा उनके बीच कोई संपर्क नहीं रहा।
सिराज अहमद ने कहा कि हाल के दिनों में उनकी जमीर अहमद खान से कोई विशेष बातचीत नहीं हुई। केवल बकरीद के अवसर पर शुभकामनाओं का आदान-प्रदान हुआ था। पिछले एक महीने से दोनों के बीच कोई संवाद नहीं हुआ है।
सिराज अहमद ने कहा कि वायरल ऑडियो और उनके विरुद्ध रची गई कथित साजिश के मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विधि विशेषज्ञों से परामर्श लिया जा रहा है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

