नई सरकार से भी जनता को राहत की उम्मीद नहीं
कांग्रेस सरकार पर बी.वाई. विजयेंद्र का तीखा हमला
कलबुर्गी/बीदर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व में बनने वाली सरकार से भी राज्य के विकास को कोई विशेष लाभ मिलने वाला नहीं है।
कलबुर्गी में आयोजित संवाददाता सम्मेसन तथा बीदर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान विजयेंद्र ने कहा कि कांग्रेस सरकार शासन और विकास की बजाय भ्रष्टाचार तथा अल्पसंख्यक तुष्टिकरण की राजनीति में व्यस्त रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गारंटी योजनाओं के कारण सरकार आर्थिक दबाव में आ गई है और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवा वर्ग भविष्य को लेकर चिंतित है। आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार का रुख स्पष्ट नहीं है, जिससे विद्यार्थियों और नौकरी के इच्छुक युवाओं में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
हिजाब से संबंधित सरकारी आदेश की आलोचना करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि शिक्षा संस्थानों में ऐसे निर्णय सामाजिक और धार्मिक आधार पर विभाजन की स्थिति पैदा कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शैक्षणिक परिसरों में सौहार्द बनाए रखने के बजाय विवादास्पद मुद्दों को बढ़ावा दे रही है।
आलंद तालुक के राघव चैतन्य मंदिर प्रकरण से जुड़े मामलों को वापस लेने के राज्य सरकार के निर्णय की भी उन्होंने आलोचना की। विजयेंद्र ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है और आने वाले दिनों में राज्यव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा।
अपने विरुद्ध लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उनका किसी प्रकार के अनुचित लेन-देन से कोई संबंध नहीं है और कुछ लोग राजनीतिक उद्देश्य से निराधार आरोप लगा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद में संभावित बदलाव के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर विजयेंद्र ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सब कुछ समय आने पर स्पष्ट हो जाएगा। उनके इस बयान से राज्य भाजपा की आंतरिक राजनीति को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

