संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
सीसीटीवी में मारपीट का दृश्य आने के बाद पुलिस की कार्रवाई
मृतक को चोर समझकर पीटने की आशंका
बेल्तंगडी (दक्षिण कन्नड़). गुरुवायनकेरे के अलादिकोट्टिगे क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मारपीट के बाद युवक की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान बंटवाल तालुक के पेरने निवासी यतीश के तौर पर की गई है। इस मामले में बेल्तंगडी के मित्तबागिलु निवासी यशोधर (35), कडबा के चार्वाक निवासी मोहन (30) तथा बेल्तंगडी के पडंगडी निवासी इब्राहिम (54) पुलिस हिरासत में हैं।
सोमवार सुबह अलादिकोट्टिगे क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर प्रसारित हुई थी। यह संदेश यतीश के भाई नितिन तक भी पहुंचा। तस्वीर देखने पर नितिन ने शव की पहचान अपने भाई यतीश के रूप में की और तत्काल घटनास्थल पहुंचे।
पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर 1 जून की सुबह यतीश के साथ यशोधर, मोहन और इब्राहिम द्वारा मारपीट किए जाने के दृश्य सामने आए हैं। इसके बाद नितिन ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि मारपीट के कारण ही उनके भाई की मृत्यु हुई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यतीश को कथित रूप से चोर समझकर पीटा गया था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
