फरार बलराम माने का वीडियो वायरल, निवेशकों को दिया भरोसाबलराम माने

211 करोड़ रुपए की कथित निवेश घोटाला जांच के बीच सोशल मीडिया पर आया सामने, पुलिस तलाश में जुटी

बेलगावी. आदित्यराज कैपिटल संस्था पर अधिकारियों की कार्रवाई के बाद फरार चल रहे संस्थान के मालिक बलराम माने ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सनसनी फैला दी है। अज्ञात स्थान से जारी वीडियो में उसने दावा किया है कि उसकी कंपनी पूरी तरह कानूनी रूप से संचालित हो रही है और निवेशकों का पैसा सुरक्षित है।

वीडियो में बलराम माने ने कहा कि निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी निवेशकों को नियमानुसार टीडीएस कटौती के बाद उनकी जमा राशि वापस मिलेगी। उन्होंने न्यायपालिका पर विश्वास जताते हुए कहा कि मामला अदालत में जाने पर उन्हें न्याय मिलेगा और कंपनी फिर से मजबूती के साथ कार्य शुरू करेगी।

211 करोड़ रुपए से अधिक की कथित धोखाधड़ी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी ने करीब 211 करोड़ रुपए से अधिक की जमा राशि एकत्र कर निवेशकों के साथ कथित धोखाधड़ी की है। कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के लगभग 6,500 से 7,000 निवेशकों ने कंपनी में निवेश किया था।

संस्था की शाखाएं बेलगावी मुख्यालय के अलावा दांडेली और हलियाल में भी संचालित थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए एक्सिस सिक्योरिटीज लिमिटेड से संबद्ध होने जैसे कथित फर्जी प्रमाणपत्र दिखाए जाते थे।

पुलिस की कई टीमें कर रहीं तलाश

बेलगावी शहर पुलिस आयुक्त भूषण जी. बोरसे ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस दल गठित किए गए हैं और उसकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वीडियो किस स्थान से अपलोड किया गया।

सहकार विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने भाग्यनगर स्थित कार्यालय पर छापा मारकर महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं तथा कार्यालय को सील कर दिया है। जांच गहराने के साथ कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट भी बंद कर दी गई है।

सीआईडी जांच की तैयारी

मामला कई राज्यों से जुड़ा होने के कारण जिला पुलिस इसे आगे की जांच के लिए सीआईडी को सौंपने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *