गुलबर्गा विश्वविद्यालय परिसर के स्नातकोत्तर छात्रावास की घटना
चार छात्र जिम्स अस्पताल में भर्ती, 20 से अधिक में अस्वस्थता के लक्षण
कलबुर्गी. गुलबर्गा विश्वविद्यालय परिसर स्थित पोस्ट मैट्रिक स्नातकोत्तर बालक छात्रावास में ओवरहेड पानी की टंकी में छिपकली गिरने से पानी दूषित हो गया। अनजाने में वही पानी पीने और भोजन बनाने में उपयोग करने के कारण 20 से अधिक छात्र अस्वस्थ हो गए, जबकि चार छात्रों को हालत बिगडऩे पर जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छात्रावास की छत पर स्थित पानी की टंकी में एक छिपकली गिरकर मर गई थी। इसकी जानकारी न होने के कारण छात्र उसी पानी का उपयोग करते रहे। बाद में कुछ छात्रों ने पानी से दुर्गंध आने पर टंकी की जांच की, जहां मृत छिपकली मिलने से हडक़ंप मच गया।
चार छात्रों का अस्पताल में उपचार
दूषित पानी पीने वाले छात्रों में थकान, मतली और अस्वस्थता के लक्षण दिखाई देने लगे। इनमें अरुणकुमार और मल्लिकार्जुन समेत चार छात्रों की तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें तत्काल कलबुर्गी के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
छात्रावास प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद छात्रों ने छात्रावास प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पानी की टंकियों की नियमित सफाई और रखरखाव नहीं किए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। छात्रों ने सभी जलाशयों की तत्काल सफाई, पानी की गुणवत्ता की जांच और स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की है।
कार्रवाई की मांग
छात्रों ने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए छात्रावास प्रबंधन व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने की मांग की है। इस घटना ने छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
