लोकायुक्त ने की कार्रवाई
एससी-एसटी अदालत में लंबित मामले में आरोपी को राहत दिलाने के लिए पांच हजार रुपए की पेशकश
कलबुर्गी. न्यायालय में लंबित एक मामले में आरोपी के पक्ष में अनुकूल कार्रवाई कराने के उद्देश्य से सरकारी अभियोक्ता को रिश्वत देने का प्रयास करने वाले पिता-पुत्र को कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कलबुर्गी की द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र (एससी/एसटी) अदालत में आलंद थाना क्षेत्र से संबंधित एक मामला विचाराधीन है। इस मामले में आरोपी को मदद पहुंचाने तथा प्रकरण को अपने पक्ष में प्रभावित करने के लिए आरोपी के भाई संजीवन दत्ताजी पाटील (80) और उनके पुत्र सुरेश संजीवन पाटील (44) ने सरकारी अभियोक्ता प्राणेश भरतनूर को पांच हजार रुपए की रिश्वत देने का प्रयास किया।
कवर में रखकर दी जा रही थी रकम
लोकायुक्त अधिकारियों को पहले से इसकी सूचना मिल चुकी थी। तय योजना के तहत टीम मौके पर निगरानी कर रही थी। जैसे ही दोनों आरोपियों ने एक कवर में रखी रिश्वत की राशि सरकारी अभियोक्ता को सौंपने का प्रयास किया, लोकायुक्त दल ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
एसपी सिद्धराजु के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई कर्नाटक लोकायुक्त, कलबुर्गी के पुलिस अधीक्षक सिद्धराजु सी. के मार्गदर्शन में की गई। लोकायुक्त पुलिस निरीक्षक एवं जांच अधिकारी राजशेखर बडदेसार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार, रवि पवार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
