कांग्रेस पर विधायकों को प्रलोभन देकर क्रॉस वोटिंग कराने का आरोप
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
बेलगावी. विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे चाणक्य नहीं हैं, क्योंकि चाणक्य ने कभी घोड़ों का व्यापार नहीं किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब विधायकों की खरीद-फरोख्त की राजनीति में उतर आई है और जनता इसका उचित जवाब देगी।
कांग्रेस पर लगाया प्रलोभन देने का आरोप
बेलगावी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अशोक ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस ने प्रलोभन देकर विधायकों को क्रॉस वोटिंग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आपराधिक मामलों का सामना कर रहे कुछ विधायकों को निशाना बनाकर उन्हें अपने पक्ष में करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में ‘ऑपरेशन कमल’ की आलोचना करने वाले कांग्रेस नेताओं को अब कथित ‘ऑपरेशन हस्त’ चलाने पर शर्म आनी चाहिए।
क्रॉस वोटिंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
आर. अशोक ने स्वीकार किया कि कुछ भाजपा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर पार्टी के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे विधायकों की पहचान की जा रही है और उनकी पहचान होते ही उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि उन्हें भविष्य में चुनाव लडऩे का अवसर नहीं मिल सके।
केंद्रीय नेतृत्व को दी जाएगी पूरी जानकारी
उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव से जुड़े घटनाक्रमों की विस्तृत जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को दी जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने के लिए समय मांगा गया है और समय तय होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता दिल्ली जाकर स्थिति से अवगत कराएंगे।
शपथ संबंधी बयान पर नेताओं से होगी चर्चा
क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर शपथ लेने संबंधी प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र के बयान के बारे में पूछे जाने पर अशोक ने कहा कि इस विषय पर पार्टी नेताओं के साथ चर्चा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

