शंकर पाटिल मुनेनकोप्पा के विरोध के बाद सुबह 6 से दोपहर 1 बजे तक मिलेगी कृषि पंपों को बिजली
हुब्बल्ली. हेस्कॉम ने कृषि पंपसेटों को बिजली आपूर्ति के समय में बदलाव करते हुए किसानों को राहत दी है। पूर्व मंत्री शंकर पाटिल मुनेनकोप्पा की आपत्ति और आंदोलन की चेतावनी के बाद निगम ने नया समय निर्धारित किया है। अब किसानों को सुबह 6 से दोपहर 1 बजे तक बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
पूर्व में लागू व्यवस्था के तहत किसानों के पंपसेटों को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक बिजली दी जा रही थी। मुनेनकोप्पा ने इसे अवैज्ञानिक बताते हुए कहा था कि इस दौरान तेज हवा चलने से बिजली की तारों के आपस में टकराने और शॉर्ट सर्किट की आशंका बढ़ जाती है, जिससे खेतों में आग लगने तथा किसानों की फसलों और जान-माल को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि एक ओर मुख्यमंत्री किसानों को फिलहाल बुवाई नहीं करने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे नियमों से किसानों की परेशानियां और बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने मांग की थी कि बिजली आपूर्ति का समय बदलकर सुबह 6 से दोपहर 1 बजे तक किया जाए, अन्यथा हेस्कॉम कार्यालय के समक्ष आंदोलन किया जाएगा।
हेस्कॉम द्वारा समय परिवर्तन का आदेश जारी किए जाने के बाद मुनेनकोप्पा ने अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लिया है। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि वे संशोधित बिजली आपूर्ति समय का अधिकतम लाभ उठाएं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

