10 हजार युवा संघों के गठन से नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भागीदारी को मिलेगा बढ़ावा
डीके शिवकुमार का जताया आभार
हुब्बल्ली. विद्यानगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रजत उल्लागड्डीमठ ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा पूरे कर्नाटक में 10 हजार भारत जोड़ो युवा संघ गठित करने का निर्णय युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य के युवाओं में नया उत्साह और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा।
युवाओं को मिलेगा नेतृत्व का मंच
यहां जारी एक बयान में रजत उल्लागड्डीमठ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व कौशल विकसित करना तथा उन्हें समाजोपयोगी गतिविधियों से जोडऩा है। यह योजना युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोडऩे का प्रभावी माध्यम बनेगी।
उन्होंने कहा कि करीब 45 वर्ष पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी द्वारा स्थापित नेहरू युवा केंद्र संगठन ने ग्रामीण युवाओं में नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब कांग्रेस सरकार उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारत जोड़ो युवा संघ योजना लागू कर रही है।
राहुल गांधी की यात्रा की सोच को मिलेगा विस्तार
रजत ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, बेरोजगारी, महंगाई और संविधान के मूल्यों को लेकर देशभर में जनजागरण किया था। नई योजना उसी विचारधारा को गांव-गांव तक युवाओं के माध्यम से पहुंचाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारत जोड़ो युवा संघ को प्रतिवर्ष 10 लाख रुपए का अनुदान देने का सरकार का निर्णय युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और सामाजिक नेतृत्व विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

