खाली मटके लेकर महिलाओं का प्रदर्शन
एल एंड टी पर लापरवाही का आरोप
महापौर के आश्वासन पर समाप्त हुआ आंदोलन
हुब्बल्ली. धारवाड़ के सत्तूर और आसपास की कॉलोनियों में पेयजल संकट से नाराज लोगों ने मंगलवार को सत्तूर के निकट बीआरटीएस मार्ग पर सडक़ जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर खाली मटके रखकर प्रशासन और जलापूर्ति एजेंसी के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारियों ने एल एंड टी कंपनी पर पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। सडक़ जाम के कारण कुछ समय तक बीआरटीएस की चिगरी बसों सहित अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
गंदा पानी मिलने का आरोप
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सत्तूर क्षेत्र में नियमित रूप से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। कई बार नलों से मिट्टी मिश्रित गंदा पानी आता है। शिकायत करने पर एल एंड टी के कर्मचारी संतोषजनक जवाब देने के बजाय टालमटोल करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
महापौर के आश्वासन के बाद हटे प्रदर्शनकारी
सूचना मिलने पर हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम की महापौर दुर्गम्मा बिजवाड मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने पेयजल समस्या के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर सडक़ से जाम हटा लिया।
प्रदर्शन में पार्षद नीलव्वा अरवलद सहित बसवराज अरवलद, कल्लव्वा मुदियण्णवर, लक्ष्मी कुदरी, सुप्रिया पाटील, अरुण अरकेरी, रविकुमार देवगिरी, पुंडलिक तलवार, मंजू दुब्बदमरडी, नीलकुमार गोरवी, विनायक रेवडीहाल, मंजु इंगल्ली और शिवकुमार बेंडिगेरी समेत अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

