आगजनी, सडक़ हादसे और जल दुर्घटनाओं का खतरा
दमकल के लिए मुद्देबिहाल से बुलानी पड़ती है गाड़ी
गन्ने के खेतों में आग लगने पर लाखों का नुकसान होने की आशंका, स्थानीय लोगों ने की अग्निशमन केंद्र मंजूर करने की मांग
विजयपुर। जिले के सबसे अधिक गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में शामिल नालतवाड़ कस्बे में अग्निशमन केंद्र की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। कस्बे और आसपास के गांवों में आगजनी, खेतों में आग, सडक़ दुर्घटनाओं और जल दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद यहां अग्निशमन केंद्र नहीं होने से आपातकालीन स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता नहीं मिल पाती।
फिलहाल क्षेत्र में आग लगने की घटना होने पर मुद्देबिहाल से दमकल वाहन बुलाना पड़ता है। दूर स्थित अग्निशमन केंद्र से वाहन के घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाला समय नुकसान बढ़ा सकता है। आग तेजी से फैलने पर घरों, दुकानों, गोदामों और कृषि उपज को भारी क्षति पहुंचने का खतरा रहता है।
गन्ने की फसल पर मंडराता आग का खतरा
नालतवाड़ और आसपास के गांवों में गन्ना प्रमुख व्यावसायिक फसल है। बिजली के शॉर्ट सर्किट, तारों से निकलने वाली चिंगारी या अन्य कारणों से खेतों में आग लगने पर किसानों की सालभर की मेहनत कुछ ही समय में राख हो सकती है। एक खेत में लगी आग हवा के रुख के साथ आसपास के खेतों तक फैल सकती है। ऐसे में समय पर दमकल वाहन नहीं पहुंचने से किसानों को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ सकता है।
स्थानीय अग्निशमन केंद्र होने पर आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंच सकेंगे और फसलों को बचाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।
हाइवे दुर्घटनाओं में भी जरूरी मदद
नालतवाड़ रायचूर-शिरडोण राजमार्ग के किनारे स्थित है। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। दुर्घटना के दौरान वाहनों में आग लगने या यात्रियों के भीतर फंसने जैसी स्थिति में तत्काल बचाव अभियान चलाना जरूरी होता है। अग्निशमन कर्मचारियों और आधुनिक बचाव उपकरणों की उपलब्धता से घायलों को शीघ्र सहायता मिल सकती है।
नहरों में हादसों का भी खतरा
नालतवाड़ के आसपास आलमट्टी जलाशय तथा चिम्मलगी और नागरबेट्टा लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं की नहरें हैं। इनमें फिसलकर गिरने और डूबने जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसी दुर्घटनाओं में पीडि़तों की तलाश और बचाव के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी, बचाव नौकाएं और जरूरी उपकरण तत्काल उपलब्ध होना आवश्यक है।
स्थानीय निवासी संगमेश बिरादार ने कहा कि नालतवाड़ में अग्निशमन केंद्र मंजूर करने की मांग कई बार उठाई गई है, लेकिन अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए यहां जल्द अग्निशमन केंद्र स्थापित किया जाना चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

