प्रश्नपत्र वितरण में देरी और ओएमआर गड़बड़ी से भडक़ा आक्रोश, परीक्षा केंद्र पर प्रदर्शन
विजयपुर। जिले के तिकोटा कस्बे में पुलिस कांस्टेबल भर्ती लिखित परीक्षा के दौरान हुई गंभीर अव्यवस्थाओं को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रश्नपत्र वितरण में देरी, प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट के क्रमांक में कथित गड़बड़ी तथा परीक्षा संचालन में लापरवाही के विरोध में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार कर जोरदार प्रदर्शन किया।
कोट्याल रोड स्थित शारदांबा शिक्षण संस्थान परीक्षा केंद्र पर सुबह 10.30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र लगभग आधे घंटे की देरी से वितरित किया गया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि कई कक्षों में प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट के क्रमांक मेल नहीं खा रहे थे। कुछ कमरों में केवल प्रश्नपत्र दिए गए, जबकि कहीं केवल ओएमआर शीट उपलब्ध कराई गई, जिससे परीक्षा प्रक्रिया बाधित हो गई।
आक्रोशित अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. के. आनंद और पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबरगी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। अभ्यर्थियों ने कहा कि यह उनके लिए भर्ती का अंतिम अवसर था और प्रशासनिक लापरवाही से उनका भविष्य दांव पर लग गया। उन्होंने केवल इसी परीक्षा केंद्र के अभ्यर्थियों के लिए पुन: परीक्षा आयोजित करने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

