घाट मार्ग पर हाथी का वीडियो वायरल, हालिया हमले के बाद ग्रामीणों में बढ़ी चिंता; वन विभाग ने जारी की सावधानी की अपील
बेल्तंगडी (दक्षिण कन्नड़)। चारमाडी घाट में एक बार फिर एकदंती जंगली हाथी की मौजूदगी से यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। रविवार रात और सोमवार सुबह घाट के नौवें मोड़ के पास हाथी सडक़ के बीचोंबीच दिखाई दिया, जिससे कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
हाथी के सडक़ पार करने तक रुके वाहन
यात्रियों ने हाथी के सडक़ पार करने का दृश्य अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वाहन चालकों ने सुरक्षित दूरी पर अपने वाहन रोक दिए और हाथी के जंगल की ओर लौटने का इंतजार किया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ दिया।
वन विभाग ने चारमाडी घाट से गुजरने वाले वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है, क्योंकि इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।
कौक्राडी में भी हाथियों की दस्तक
इधर, बेल्तंगडी तालुक के कौक्राडी गांव में सोमवार रात दो जंगली हाथियों के घूमने की सूचना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि इनमें वही हाथी भी हो सकता है, जिसके हमले में शनिवार को दिहाड़ी मजदूर बालकृष्ण गौड़ा की मौत हुई थी।
ग्रामीणों ने लोगों से रात में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा सुबह खेतों, बागानों और कार्यस्थलों पर जाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल में वापस भेजने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

