समान समाज का निर्माण हम सभी की जिम्मेदारी : तहसीलदार महेश भगवान गस्तेनेहरू स्टेडियम में हुब्बल्ली नगर तालुक स्वतंत्रता दिवस समिति की ओर से आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण के बाद ध्वज को सलामी देते पूर्व सभापति एवं विधान परिषद सदस्य बसवराज होरट्टी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी।

हूब्बल्ली। हुब्बल्ली शहर के तहसीलदार महेश भगवान गस्ते ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के विकास में योगदान देने, नैतिकता बनाए रखने, भ्रष्टाचार को दूर करने, शिक्षा को प्राथमिकता देने, पर्यावरण की रक्षा करने, सभी के अधिकारों का संरक्षण करने और समान समाज का निर्माण करने का संकल्प लेने का दिन है।

नेहरू स्टेडियम में हुब्बल्ली नगर तालुक स्वतंत्रता दिवस समिति की ओर से आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण के बाद तहसीलदार महेश भगवान गस्ते ने कहा कि स्वतंत्रता किसी उपहार का परिणाम नहीं, बल्कि वीरों के त्याग, साहस और बलिदान का फल है। स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ सभी को समान अवसर देना और सभी को समान समझना है। 15 अगस्त 1947 भारत के इतिहास का अविस्मरणीय और गौरवपूर्ण दिन है। यह उन स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का दिन भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए कठिनाइयां झेलते हुए अपने प्राण न्योछावर किए।

उन्होंने महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, जवाहरलाल नेहरू, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, सरदार वल्लभभाई पटेल, गोपालकृष्ण गोखले, मौलाना अबुल कलाम आजाद, सरोजिनी नायडू, संगोल्ली रायन्ना, कित्तूर रानी चेन्नम्मा और बेगम हजरत महल सहित स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। हुब्बल्ली क्षेत्र के आदरगुंची शंकरगौड़ा पाटील, नारायण महादेव डोणी, कृष्णराव गोपालराव कुलकर्णी सहित अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी उन्होंने याद किया।

युवाओं से नशे और मोबाइल की लत से दूर रहने का आह्वान

तहसीलदार गस्ते ने कहा कि आज के युवा ही कल के नागरिक और देश का भविष्य हैं। युवाओं को बुरी आदतों से दूर रहकर अपने जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। मोबाइल की लत छोडक़र पुस्तकों से जुडऩा चाहिए तथा माता-पिता, गुरुजनों और बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। तभी स्वस्थ और सुदृढ़ समाज का निर्माण संभव होगा।

उन्होंने सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों और देशवासियों का पेट भरने वाले किसानों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में हुब्बल्ली के अनेक युवाओं और स्वतंत्रता सेनानियों ने सक्रिय भागीदारी की थी। विद्यार्थियों ने विद्यालयों और महाविद्यालयों का बहिष्कार किया, वकीलों ने न्यायालयों का बहिष्कार किया तथा कई सरकारी कर्मचारियों ने इस्तीफा दिया। इस आंदोलन ने हुब्बल्ली में भी स्वतंत्रता संग्राम की भावना को प्रबल किया।

संविधान ने समानता का मार्ग दिखाया

उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के अथक प्रयासों से देश को विश्व के श्रेष्ठ लोकतांत्रिक संविधानों में से एक संविधान मिला। संविधान ने समाज में ऊंच-नीच के भेद को समाप्त कर समानता और सम्मान के साथ जीवन जीने का मार्ग प्रशस्त किया है। संविधान की भावना के अनुरूप सभी के सुख और कल्याण के लिए काम करना आवश्यक है।

सरकार की योजनाओं का उल्लेख

तहसीलदार गस्ते ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अन्नभाग्य, क्षीरभाग्य, कृषिभाग्य, वसतिभाग्य, मनस्विनी, क्षीरधारा, राजीव आरोग्य भाग्य, सौरभाग्य, मैत्री, विद्याश्री, पशुभाग्य और निर्मल भाग्य जैसी योजनाओं के साथ पांच गारंटी योजनाओं—शक्ति, गृहलक्ष्मी, गृहज्योति, युवानिधि और अन्नभाग्य—को लागू किया गया है। इन योजनाओं से बड़ी संख्या में परिवारों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत हुब्बल्ली तालुक में बड़ी संख्या में लाभार्थियों को पेंशन दी जा रही है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 18,872 लाभार्थी पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत भी हजारों लाभार्थियों को सहायता दी जा रही है। किसानों के बच्चों को स्नातक स्तर तक नि:शुल्क शिक्षा और छात्रावास सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वाजपेयी आरोग्यश्री योजना के तहत 52 लोगों को सुविधा मिली है। आम नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न गांवों में पेंशन अदालतें आयोजित कर पात्र मामलों में मौके पर ही पेंशन स्वीकृत की जा रही है।

पौती आंदोलन और आधार सीडिंग में प्रगति

उन्होंने कहा कि पौती आंदोलन के माध्यम से किसानों को पहणी में मृत खातेदारों के नाम हटाकर वारिसों के नाम दर्ज कराने में सहायता मिल रही है।

आधार सीडिंग के संबंध में उन्होंने कहा कि फसल बीमा, फसल क्षति मुआवजा, कृषि ऋण तथा अधिकार पंजीकरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहणी को आधार से जोडऩा आवश्यक है। हुब्बल्ली नगर तालुक में अब तक 85.57 प्रतिशत प्रगति हासिल की गई है।

उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के पुराने अभिलेखों को सुरक्षित, सटीक और आसानी से उपलब्ध कराने के लिए अभिलेखागार का 100 प्रतिशत कंप्यूटरीकरण किया गया है। हुब्बल्ली तालुक इस कार्य में राज्य में दूसरे स्थान पर है।

विधायक महेश टेंगिनकाई ने गिनाईं देश की उपलब्धियां

विधायक महेश तेंगिनकाई ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से लोगों ने अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली।
उन्होंने कहा कि ‘युवाशक्ति फॉर विकसित भारत-2047’ का संकल्प लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की जा रही हैं और भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने देश की आर्थिक, सैन्य और वैज्ञानिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत निरंतर प्रगति कर रहा है और आने वाले समय में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का लक्ष्य साकार होगा।

समारोह में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों सिमरान नदाफ और अर्जुन गाली को भी सम्मानित किया गया।

21 टीमों ने किया आकर्षक पथ संचलन

परेड कमांडर आरएसआइ जगदीश दलवायी के नेतृत्व में पुलिस विभाग, गृह रक्षक दल, विभिन्न विद्यालयों की एनसीसी, स्काउट-गाइड सहित कुल 21 टीमों ने आकर्षक पथ संचलन किया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में विधान परिषद के पूर्व सभापति एवं विधान परिषद सदस्य बसवराज होरट्टी, प्रदीप शेट्टर, हुब्बल्ली ग्रामीण तहसीलदार जे.बी. मज्जगी, ग्रेड-2 तहसीलदार शिवानंद हेब्बल्ली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

फातिमा हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम, नाडगीत (प्रांतगीत) और किसान गीत प्रस्तुत किए। हुब्बल्ली शहर क्षेत्र के शिक्षा अधिकारी एच.एम. फडणेशी ने स्वागत किया। वनिता और शिवानंद गुंडूर ने कार्यक्रम का संचालन किया।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *