बंटवाल (दक्षिण कन्नड़)। बंटवाल ग्रामीण पुलिस ने करोड़ों रुपए मूल्य के मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 538.63 ग्राम एमडीएमए और 99.12 ग्राम कोकीन सहित करीब 1.05 करोड़ रुपए मूल्य का माल जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेंगलूरु के केंगेरी निवासी मोहम्मद अमीर जरताब (35) के तौर पर की गई है। पुलिस ने कार से मादक पदार्थों के अलावा खाली प्लास्टिक डिब्बे, डिजिटल वजन मशीन सहित अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त एमडीएमए की अनुमानित कीमत 53,86,300 रुपए और कोकीन की कीमत 49,56,000 रुपए है। अन्य जब्त सामान की कीमत मिलाकर कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य 1,05,59,450 रुपए है।
आधी रात को कार्रवाई
15 अगस्त की रात करीब 1.45 बजे बंटवाल ग्रामीण थाने के एसआइ मंजुनाथ को सूचना मिली थी कि एक कार में हासन से मेंगलूरु की ओर मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कडेशिवालय गांव के अमाई में कार को रोककर तलाशी ली।
पूछताछ में चालक की पहचान मोहम्मद अमीर जरताब के तौर पर की गई है। कार की तलाशी लेने पर उसमें मादक पदार्थ बरामद हुए। बंटवाल उपखंड के एएसपी यश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन और पुलिस निरीक्षक अनंतपद्मनाभ के नेतृत्व में एसआइ मंजुनाथ टी. तथा पुलिसकर्मियों अशोक, राघवेंद्र, प्रशांत, बसवराज, नजीर, श्रीधर, मारुति, कुमार और विवेक ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
बंटवाल ग्रामीण थाने में मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
नाइजीरियाई महिला से जुड़े तार
पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया है कि एक नाइजीरियाई महिला आरोपी को मादक पदार्थ उपलब्ध कराती थी और वह उन्हें बेंगलूरु से मेंगलूरु पहुंचाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

