पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती में 70-80 लाख रुपए वसूली का आरोप
चित्रदुर्ग में आरोपी नवीन कुमार के घर और कलबुर्गी में पूर्व अध्यक्ष शिवशंकरप्पा साहू के आवास की तलाशी
कलबुर्गी/चित्रदुर्ग। कर्नाटक लोकसेवा आयोग (केपीएससी) भर्ती घोटाले की जांच अब तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (इडी) के अधिकारियों ने मंगलवार को कर्नाटक और गुजरात में 21 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया। इनमें केपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एस. शिवशंकरप्पा साहू के कलबुर्गी स्थित आवास सहित कई प्रमुख ठिकाने शामिल हैं।
चित्रदुर्ग में आरोपी के घर तलाशी
चित्रदुर्ग जिले के होललकेरे तालुक के तालिकट्टे गांव में इडी की टीम ने मामले के आरोपी नंबर-13 नवीन कुमार, पिता नागराजप्पा, के आवास की भी तलाशी ली। दो वाहनों से पहुंची टीम में तीन इडी अधिकारी और दो सीआरपीएफ जवान शामिल थे। अधिकारियों ने भर्ती से जुड़े दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की।
21 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई
कलबुर्गी शहर में आनंद होटल के पास स्थित पूर्व केपीएससी अध्यक्ष शिवशंकरप्पा साहू के आवास पर भी अधिकारियों ने सीआरपीएफ सुरक्षा के बीच तलाशी ली। बताया गया है कि बेंगलूरु स्थित उनके आवास, केपीएससी कार्यालय, आयोग के सदस्यों, बिचौलियों तथा पशु चिकित्सा अधिकारी पद के लिए चयनित कुछ अभ्यर्थियों से जुड़े परिसरों में भी जांच की गई।
हर अभ्यर्थी से 70-80 लाख लेने का आरोप
मामले में पशु चिकित्सा अधिकारी पद दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से कथित तौर पर 70 से 80 लाख रुपए तक वसूले जाने का आरोप है। उत्तर पुस्तिकाओं और ओएमआर शीट में कथित हेरफेर तथा कुछ अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप भी सामने आए हैं। इस संबंध में विधानसौधा पुलिस थाने में चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज हैं।
सीआइडी के बाद इडी की वित्तीय जांच
बताया गया है कि 25 जुलाई 2026 को इस मामले में 29 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई थी। पहले मामले की जांच सीआइडी ने संभाली थी। अब कथित अवैध धन के लेन-देन और वित्तीय गतिविधियों की पड़ताल के लिए इडी ने कार्रवाई शुरू की है। तलाशी के दौरान दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन का विवरण और डिजिटल साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।
एस. शिवशंकरप्पा साहू को 13 जुलाई को केपीएससी अध्यक्ष पद से निलंबित किया गया था। भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर चित्रदुर्ग में भी जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन हो चुके हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

