तीन प्रमुख सडक़ों के हस्तांतरण और दो मार्गों पर ऊंची बाड़ लगाने के प्रस्ताव का विरोध
बेलगावी। छावनी परिषद क्षेत्र की तीन प्रमुख सडक़ों को सेना को सौंपने तथा दो महत्वपूर्ण सडक़ों पर ऊंची अवरोधक दीवार बनाने के प्रस्ताव को वापस लेने की मांग को लेकर बेलगावी छावनी परिषद निवासी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
आवागमन प्रभावित होने की आशंका
संघ ने कहा कि सडक़ों को बंद करने और ऊंची अवरोधक दीवारें बनाने से आम लोगों के आवागमन में गंभीर परेशानी होगी। इन सडक़ों का उपयोग जनता पिछले कई दशकों से कर रही है, इसलिए उन पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाना चाहिए।
17 जुलाई को हुई छावनी परिषद की बैठक के प्रस्ताव क्रमांक 26 और 27 के तहत अल्बर्ट एक्का रोड, स्मार्ट रोड और क्वींस गार्डन रोड को सेना को सौंपने के संबंध में जनता से राय मांगी गई है। इसके अलावा इंडिपेंडेंस रोड और जिमखाना रोड पर ऊंची अवरोधक दीवार बनाने का प्रस्ताव है। संगठन ने दोनों प्रस्तावों को रद्द करने की मांग की।
न्यायालय के आदेशों का पालन हो
संघ ने कहा कि इस संबंध में उच्च न्यायालय, उच्चतम न्यायालय, रक्षा मंत्रालय और सेना मुख्यालय के आदेशों का पालन करना चाहिए। सेना और छावनी परिषद को जनता की मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए सडक़ हस्तांतरण, सडक़ बंद करने तथा ऊंची अवरोधक दीवार बनाने के प्रस्ताव वापस लेने चाहिए।
इस अवसर पर छावनी परिषद के पूर्व सदस्य साजिद शेख, रायला शेख, नयना नेरली, डॉ. नितिन खोत, रंजन शेट्टी, फारूक नवाब, अजय पई सहित अन्य उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

