हुब्बल्ली आने से कतरा रहे बेलगावी के पुलिस आयुक्त भूषण बोरसे
तबादलों के बाद भी किसी ने नहीं संभाला कार्यभार
हुब्बल्ली। हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर पुलिस आयुक्तालय में नए पुलिस आयुक्त की नियुक्ति के दो दिन बाद भी कार्यभार ग्रहण को लेकर असमंजस बना हुआ है। राज्य सरकार ने बेलगावी के पुलिस आयुक्त भूषण गुलाबराव बोरसे को हुब्बल्ली-धारवाड़ का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है, लेकिन उन्होंने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।
बेलगावी में बने रहना चाहते हैं बोरसे?
कर्नाटक कैडर के 2009 बैच के आइपीएस अधिकारी बोरसे के बेलगावी में ही बने रहने की इच्छा जताए जाने की चर्चा पुलिस महकमे में है। उनके कार्यशैली को लेकर स्थानीय स्तर पर सकारात्मक छवि बनी है। उन्हें जनस्नेही अधिकारी के रूप में देखा जाता है और कानून-व्यवस्था के प्रभावी प्रबंधन की भी सराहना हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ जनप्रतिनिधि उन्हें बेलगावी में ही बनाए रखने के लिए सरकार पर दबाव बना रहे हैं।
बेलगावी में भी नए आयुक्त ने नहीं संभाला पद
उधर, विजयपुर से बेलगावी स्थानांतरित किए गए प्रकाश अमृत निक्कम ने भी अभी तक बेलगावी पहुंचकर कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। ऐसे में स्थानांतरण आदेश के बावजूद हुब्बल्ली-धारवाड़ के वर्तमान पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार पद पर बने हुए हैं।
शशिकुमार के दावणगेरे जाने की चर्चा
बताया जा रहा है कि शशिकुमार को दावणगेरे में आइजीपी के पद पर भेजा जा सकता है। वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी डॉ. रविकांतेगौड़ा के सेवानिवृत्त होने से वहां पद रिक्त हुआ है।
आगे क्या?
यदि बोरसे हुब्बल्ली-धारवाड़ नहीं आते हैं तो प्रकाश निक्कम को सीधे हुब्बल्ली-धारवाड़ का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किए जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल दोनों स्थानों पर तबादले के बावजूद कार्यभार ग्रहण नहीं होने से पुलिस विभाग में स्थिति हैसियत से ज्यादा पेचीदा बनी हुई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

