‘स्मार्ट नागरिक’ और ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तिकाओं का विमोचन
पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों को संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की सीख
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों को अब संविधान, लोकतंत्र और जिम्मेदार नागरिकता की सीख सीधे मुख्यमंत्री और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व प्रधान न्यायाधीश से मिलेगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त प्रधान न्यायाधीश भूषण गवई शुक्रवार को दादर पश्चिम स्थित भवानी शंकर मार्ग मुंबई पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की कक्षा लेंगे। इस दौरान ‘स्मार्ट नागरिक’ और ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया जाएगा।
मनपा शिक्षा विभाग की ओर से शुरू किए जा रहे ‘सुजाण नागरिक-सक्षम भारत’ उपक्रम का उद्घाटन शुक्रवार दोपहर 3 बजे होगा। इसका उद्देश्य पहली से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, मूलभूत कर्तव्यों, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की समझ विकसित करना है।
पाठ्यपुस्तकों से आगे नागरिक शिक्षा
उपक्रम के तहत विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय गतिविधियों, अनुभवाधारित शिक्षण, परियोजनाओं, चर्चा और संवाद के जरिए नागरिक मूल्यों से जोड़ा जाएगा। समानता, बंधुता, राष्ट्रीय एकता, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, नागरिक अनुशासन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को विद्यार्थियों की आयु और कक्षा के अनुरूप समझाया जाएगा।
आंबेडकर के जीवन से संविधान की सीख
कक्षा छठी के विद्यार्थियों के लिए तैयार ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तिका में भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन, विचार, शिक्षा के महत्व, सामाजिक कार्य और संविधान निर्माण में उनके योगदान को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है। पुस्तिका के आधार पर जनवरी 2027 में मराठी भाषा में परीक्षा होगी और अप्रेल में विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री और पूर्व प्रधान न्यायाधीश से सीधा संवाद
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण फडणवीस और गवई द्वारा विद्यार्थियों की कक्षा लेना होगा। दोनों पुस्तिकाओं के पाठ विद्यार्थियों को समझाने के साथ उनसे संवाद करेंगे। विद्यार्थियों को दोनों से सीधे सवाल-जवाब करने का अवसर भी मिलेगा।
मनपा की उप आयुक्त (शिक्षण) डॉ. प्राची जांभेकर के अनुसार, उपक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्कूल स्तर से ही समानता, न्याय, बंधुता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित कर उन्हें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में काम करना है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
