‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान के तहत मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे का निरीक्षण
28 संपत्तियों को नोटिस, लाइसेंसधारी दुकानों को भी स्थानांतरित करने के निर्देश
मुंबई। मुंबई में पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथों को बाधामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने कार्रवाई तेज करने के संकेत दिए हैं। मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे ने विलेपार्ले रेलवे स्टेशन परिसर में फुटपाथ चौड़े करने और सांताक्रूज पश्चिम में अतिक्रमण चरणबद्ध तरीके से हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सडक़ किनारे कचरे की सफाई, कचरा ढोने वाले वाहनों को ढककर रखने और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार पर भी जोर दिया।
भिडे ने बुधवार, 14 अक्टूबर को मुंबई शहर और पश्चिमी उपनगरों के विभिन्न इलाकों का दौरा कर ‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान तथा कचरा जमा होने वाले संवेदनशील स्थलों के उन्मूलन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने फुटपाथों की स्थिति, अतिक्रमण, सडक़ सफाई, सार्वजनिक शौचालयों, कचरा संग्रहण और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
विलेपार्ले में सडक़ विकास की तैयारी
एच पूर्व विभाग में पंडित जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर वाकोला जंक्शन से सांताक्रूज रेलवे स्टेशन तक सडक़ को स्वीकृत 36.60 मीटर चौड़ाई के अनुसार विकसित करने की योजना है। इसके लिए आसपास की संपत्तियों की खुली जगह लेने के संबंध में 28 नोटिस जारी किए गए हैं। रेलवे स्टेशन परिसर के 89 लाइसेंसधारी दुकानदारों को आसपास के क्षेत्र में स्थानांतरित करने की भी योजना है। इसके अलावा, 21 अनधिकृत दुकानों को हटाया जा चुका है।
सांताक्रूज में दुकानों को हटाने के निर्देश
सांताक्रूज पश्चिम के तिलक मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग पर निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए। स्काईवॉक से लटक रही केबल हटाने और सडक़ के डिवाइडरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
कान्हूबाई देसाई मार्ग की 86, महात्मा गांधी मार्ग की 82 और लोकमान्य तिलक मार्ग की 14 लाइसेंसधारी दुकानों के साथ सब्जी विक्रेताओं की दुकानों को भी जल्द स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। मनपा के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।
कचरा ढोने वाले वाहनों की भी जांच
सेनापति बापट मार्ग स्थित जी.एल. लोडर चौकी पर भिडे ने बड़े, मध्यम और छोटे कचरा संग्रहण वाहनों का निरीक्षण किया। उन्होंने कचरे के परिवहन के दौरान वाहनों को ढकने की व्यवस्था का जायजा लिया और सडक़ की धूल साफ करने वाले उपकरणों की जानकारी ली। वरली के आदर्शनगर मार्ग पर फुटपाथों की मरम्मत तथा खड़े वाहनों के नीचे जमा कचरे की नियमित सफाई के निर्देश भी दिए।
प्रसूतिगृह में दवाओं और नवजात शिशु विभाग की समीक्षा
दौरे के दौरान आयुक्त ने डॉ. वी.एन. शिरोडकर प्रसूतिगृह का निरीक्षण कर गर्भवती महिलाओं के लिए उपलब्ध दवाओं और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने जल्द शुरू होने वाले नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग का भी जायजा लिया। साथ ही, मरीजों के उपचार संबंधी जानकारी और दवाओं के भंडार का हिसाब रखने वाली कंप्यूटर प्रणाली की कार्यप्रणाली समझी।
निरीक्षण के दौरान मनपा के विभिन्न विभागों के उपायुक्त, सहायक आयुक्त और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
