भद्रा नहरों में पानी पर सोशल मीडिया में अफवाह
17 सितंबर की मध्यरात्रि से 2 अक्टूबर तक 15 दिन पानी छोड़ा जा रहा
गर्मी के मौसम में पानी देने का फैसला दिसंबर के बाद आइसीसी में होगा
शिवमोग्गा। लक्कवल्ली स्थित भद्रा जलाशय से वर्ष 2027 के मई तक हर महीने केवल 10 दिन बाईं और दाईं नहर में पानी छोड़े जाने की सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद भद्रा परियोजना विभाग ने इसे गलत बताया है। विभाग के अधीक्षण अभियंता एस. रविकुमार ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई व्यवस्था तय नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार के निर्णय के अनुसार 17 सितंबर की मध्यरात्रि से नहरों में पानी छोड़ा जा रहा है और 2 अक्टूबर तक 15 दिनों के लिए पानी छोड़ा जाएगा। इसके विपरीत सोशल मीडिया पर हर महीने केवल 10 दिन पानी छोडऩे की बात प्रसारित की जा रही है।
रविकुमार ने कहा कि कर्नाटक सिंचाई निगम ने हर महीने 10 दिन ही पानी छोडऩे का कोई निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने किसानों से सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेशों पर भरोसा कर भ्रमित नहीं होने की अपील की।
दिसंबर के बाद होगा फैसला
गर्मी के मौसम में भद्रा नहरों में पानी छोडऩे के संबंध में फैसला दिसंबर के बाद होने वाली सिंचाई सलाहकार समिति (आइसीसी) की बैठक में लिया जाएगा। बैठक में उपलब्ध जल और अन्य परिस्थितियों के आधार पर निर्णय होने की बात कही गई है।
अधीक्षण अभियंता ने भद्रा परियोजना के सिंचित क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट सूचनाओं से गुमराह न हों और पानी की आपूर्ति को लेकर अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा न करें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

