यूनेस्को की नजर में हंपी, विरासत बचाने को बड़े वाहनों पर स्थायी रोक की तैयारी

22 से 29 अक्टूबर तक हंपी, अनेगुंदी और अंजनाद्री का दौरा, स्मारकों और पर्यटन गतिविधियों की होगी गहन समीक्षा

विजयनगर. विश्व धरोहर स्थल हंपी में यूनेस्को की टीम के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासन ने संरक्षण और पर्यटक प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 से 29 अक्टूबर तक यूनेस्को की टीम हंपी, अनेगुंदी और अंजनाद्री क्षेत्र का निरीक्षण करेगी। दौरे से पहले स्मारकों की सुरक्षा, वाहनों की आवाजाही, पर्यटन सुविधाओं और अनधिकृत होम स्टे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। हंपी में सबसे प्रमुख आपत्ति कृष्ण मंदिर के निकट स्थित स्वागत गोपुरम को लेकर रही है।

गोपुरम के नीचे बड़े वाहनों, विशेषकर बसों की आवाजाही से ऐतिहासिक संरचना को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जाती रही है। अब यहां से बड़े वाहनों की आवाजाही स्थायी रूप से बंद करने की तैयारी है। ऐसे वाहनों को उग्र नरसिंह–बडवीलिंग क्षेत्र के निकट बने पार्किंग स्थल से नियंत्रित करने की योजना पर विचार चल रहा है।

विरुपाक्ष मंदिर परिसर में भी एक-दो स्थानों पर आपत्तियां सामने आने की संभावना है। विजय-विठ्ठल मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर तळवारघट्टा स्वागत गोपुरम के भीतर बड़े वाहनों की आवाजाही पर स्थायी रोक लगाने का प्रस्ताव है। इसके बाद इस मार्ग पर केवल बैटरी चालित वाहनों को आगे जाने की अनुमति देने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।

अंजनाद्री पर विशेष निगाह

यूनेस्को टीम के दौरे में अंजनाद्री पहाड़ी प्रमुख केंद्र रहने की संभावना है। अंजनाद्री में प्रस्तावित रोपवे के विरोध में मिली शिकायतों की टीम समीक्षा कर सकती है। पहाड़ी के तलहटी क्षेत्र में बन रहे डॉर्मिटरी निर्माण को लेकर भी आपत्तियां सामने आई हैं। इन दोनों मुद्दों पर टीम की विशेष नजर रहने की संभावना है।

होम स्टे को नियमों के दायरे में लाने की कवायद

हंपी के आसपास लंबे समय से बड़ी संख्या में अनधिकृत होम स्टे संचालित होने की शिकायतें रही हैं। जिला प्रशासन की ओर से इनके पंजीकरण के लिए चलाए गए अभियान का असर अब दिखाई देने लगा है। अब तक 314 संचालकों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। नियमों का पालन करने वाले करीब 150 होम स्टे को एक सप्ताह के भीतर लाइसेंस मिलने की संभावना है।

मुख्याधिकारी की रिपोर्ट मिलना बाकी है

होम स्टे के लाइसेंस संबंधी रिपोर्ट सहायक आयुक्त से प्राप्त हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और नगर निकाय के मुख्याधिकारी की रिपोर्ट मिलना बाकी है। रिपोर्ट मिलते ही पात्र होम स्टे को आधिकारिक अनुमति दी जाएगी।

– कविता एस. मन्निकेरी, जिलाधिकारी, विजयनगर,

यूनेस्को के साथ आईसीओएमओएस और एएसआई भी

यूनेस्को टीम के दौरे को लेकर लगातार बैठकें और विचार-विमर्श चल रहे हैं। यूनेस्को का एक प्रतिनिधि, स्मारक एवं स्थल संबंधी अंतरराष्ट्रीय परिषद (आईसीओएमओएस) का एक प्रतिनिधि और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के केंद्रीय कार्यालय का एक प्रतिनिधि दौरे में शामिल होना तय है। इसके अलावा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी टीम के साथ रहेंगे।
– ई. बालकृष्णप्पा, आयुक्त, हंपी विश्व धरोहर स्थल प्रबंधन प्राधिकरण

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *