ट्रक की टक्कर से तीन की मौत, 10 से अधिक घायल
चार की हालत चिंताजनक
हुक्केरी (बेलगावी)। नवरात्रि के पहले दिन रविवार को दुर्गा माता देवी की मूर्ति लेकर शोभायात्रा में जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हुक्केरी तालुक के मनगुत्ती-हत्तरगी टोल गेट के पास हुए इस भीषण हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हुक्केरी तालुक के हुंच्यानट्टी गांव के श्रद्धालु बेलगावी से देवी की मूर्ति ट्रैक्टर में लेकर अपने गांव लौट रहे थे। मनगुत्ती के पास पीछे से आए ट्रक ने शोभायात्रा के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान प्रकाश वासेदार, दानप्पा जागनूरे और शिवप्पा खानापुरे के तौर पर की गई है। हादसे में घायल लोगों को तत्काल बेलगावी जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चार घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उनका उपचार जारी है।
नवरात्रि के उत्साह के बीच हुए इस हादसे से शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
यह घटना यमकनमरडी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

