चारों परिवहन निगमों को मिलेगी छठी किस्त, फिर भी 5,651 करोड़ रुपए का भुगतान बाकी
तीन साल में मुफ्त बस यात्रा पर 20,956 करोड़ रुपए खर्च
हुब्बल्ली। कर्नाटक में महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने वाली शक्ति योजना के खर्च की भरपाई के लिए राज्य सरकार चारों परिवहन निगमों को 430 करोड़ रुपए जारी करेगी। यह प्रतिपूर्ति की छठी किस्त है। हालांकि, इस राशि से परिवहन निगमों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद के बावजूद उनका 5,651 करोड़ रुपए का बकाया अब भी बरकरार है। निगमों के अनुसार, जून 2023 से जुलाई 2026 तक योजना पर हुए खर्च की तुलना में सरकार से पूरी प्रतिपूर्ति नहीं मिली है।
केएसआरटीसी को सबसे ज्यादा 164 करोड़ रुपए
सरकार की ओर से जारी होने वाली राशि में कर्नाटक राज्य सडक़ परिवहन निगम (केएसआरटीसी) को 164.34 करोड़ रुपए मिलेंगे। उत्तर पश्चिम कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम (एनडब्ल्यूकेआरटीसी) को 105.39 करोड़ रुपए, कल्याण कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम (केकेआरटीसी) को 81.82 करोड़ रुपए और बेंगलूरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी) को 78.43 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
20,956 करोड़ रुपए खर्च, प्रतिपूर्ति सिर्फ 15,305 करोड़ रुपए
केएसआरटीसी के प्रस्ताव अनुरोध दस्तावेज के अनुसार, जून 2023 से जुलाई 2026 के बीच चारों निगमों ने शक्ति योजना के संचालन पर कुल 20,956 करोड़ रुपए खर्च किए। इसके मुकाबले सरकार ने 15,305 करोड़ रुपए की प्रतिपूर्ति की है। इस तरह 5,651 करोड़ रुपए का भुगतान लंबित है।
चारों निगमों के बेड़े में कुल 26,054 बसें हैं। इनके माध्यम से प्रतिदिन करीब 1.20 करोड़ यात्राएं दर्ज होती हैं। इनमें शक्ति योजना के तहत महिलाओं की लगभग 75.68 लाख यात्राएं शामिल हैं। योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिल रही है, लेकिन खर्च की पूरी भरपाई नहीं होने से निगमों पर वित्तीय दबाव बना हुआ है।
अनुदान के उपयोग पर सरकार की शर्तें
430 करोड़ रुपए जारी करने के साथ सरकार ने परिवहन निगमों को योजना पर हुए वास्तविक खर्च का विस्तृत ब्योरा नोडल एजेंसी केएसआरटीसी को सौंपने के निर्देश दिए हैं। स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया तेज करने और आवंटित राशि के उपयोग का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने की शर्त भी रखी गई है।
अब निगाहें बकाया प्रतिपूर्ति पर हैं। नई किस्त जारी होने के बावजूद हजारों करोड़ रुपए की लंबित राशि परिवहन निगमों के लिए चुनौती बनी हुई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

