केंभवी में परिवहन निगम की बदहाल बसों से यात्री परेशान
पुराने टायर और तकनीकी खामियों से हादसों का खतरा, नई बसें चलाने की मांग
यादगीर। जिले में कल्याण कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम की खटारा बसें यात्रियों के सफर को परेशानी भरा बना रही हैं। पुरानी बसों, घिसे टायरों और बार-बार सामने आ रही तकनीकी खराबियों के कारण यात्रियों को बीच रास्ते में ही मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बसों की स्थिति चालकों और परिचालकों के लिए भी परेशानी का कारण बनी हुई है।
शुक्रवार को शहापुर से केंभवी बस स्टैंड पहुंची निगम की एक बस का अगला टायर पंचर हो गया। टायर बदलने के लिए चालक को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मरम्मत के दौरान चालक और परिचालक भी थककर बैठ गए। इस घटना ने बसों के रखरखाव और तकनीकी जांच की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुराने टायर, सुरक्षा पर सवाल
यात्रियों का आरोप है कि शहापुर और सुरपुर डिपो की कई बसों में पुराने टायरों का दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा है। बसों के अन्य हिस्सों में भी तकनीकी खराबियां आने से कई बार बीच रास्ते में सेवा बाधित हो जाती है।
यात्रियों ने विशेष रूप से अगले पहियों में दोबारा इस्तेमाल किए गए टायर लगाए जाने पर चिंता जताई। उनका कहना है कि तेज गति के दौरान टायर फटने से चालक का नियंत्रण बिगड़ सकता है और गंभीर दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता है।
नई बसें चलाने की मांग
यात्रियों ने परिवहन निगम के अधिकारियों से बसों की नियमित तकनीकी जांच कराने, टायरों की स्थिति की समीक्षा करने और रखरखाव व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उनका आरोप है कि शहापुर और सुरपुर डिपो से पुरानी बसें भेजे जाने के कारण केंभवी क्षेत्र में यात्रियों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कर्नाटक रक्षणा वेदिके के क्षेत्रीय अध्यक्ष कुमार वड्डर ने परिवहन अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पुरानी बसों को हटाकर उनके स्थान पर नई बसें चलाई जाएं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और परिवहन सेवा सुचारु रूप से संचालित हो सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

