‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान के तहत मनपा की कार्रवाई
750 वर्गफुट के गोदाम पर भी चला हथौड़ा
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने ‘ए’ विभाग के साबू सिद्दीक मार्ग, मुसाफिरखाना और मनीष मार्केट परिसर में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 92 अनधिकृत स्टॉल हटाए। मनपा के परिरक्षण एवं अतिक्रमण निर्मूलन विभाग ने बुधवार को की गई कार्रवाई में तिरपाल, बांस, लोहे के पाइप और चादरों से बनाए गए अस्थायी ढांचों के साथ पक्के लोहे के स्टॉल भी हटाए।
महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े की ‘पैदल यात्री प्रथम’ पहल के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे के आदेश और उपायुक्त (परिमंडल-1) चंदा जाधव के मार्गदर्शन में मनपा अधिकारियों और कर्मचारियों ने अतिक्रमण हटाया।
निरीक्षण के अगले दिन कार्रवाई
मनपा अधिकारियों के अनुसार, 13 अक्टूबर को जनप्रतिनिधियों के साथ साबू सिद्दीक मार्ग और मुसाफिरखाना परिसर का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान मिले निर्देशों के आधार पर अगले ही दिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान अस्थायी निर्माणों के अलावा पक्के ढांचों को भी हटाया गया। इसी क्रम में 750 वर्गफुट क्षेत्रफल वाले एक गोदाम पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस का भारी बंदोबस्त
कार्रवाई के दौरान माता रमाबाई आंबेडकर मार्ग पुलिस थाने की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मौके पर 3 पुलिस निरीक्षक, 3 फौजदार और 30 पुलिसकर्मी तैनात थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
