अधिकारियों को लगाई फटकार, सफाई और रोशनी की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
बेलगावी। बेलगावी कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) में किसानों को लेनदेन की रसीद देने, सेस वसूली का हिसाब रखने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में खामियों पर उपलोकायुक्त न्यायाधीश बी. वीरप्पा ने नाराजगी जताई। गुरुवार को मंडी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से जवाब-तलब किया और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
न्यायाधीश वीरप्पा ने किसानों की उपज की खरीद-बिक्री का ब्योरा दर्ज करने, भुगतान की रसीद देने और व्यापारियों द्वारा कमीशन वसूली के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और मंडी में नियमों का पालन सुनिश्चित करना एपीएमसी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बाजार परिसर में कचरा और पर्याप्त रोशनी की कमी मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को नियमित सफाई तथा रात में कारोबार के दौरान उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सेस वसूली का हिसाब नहीं
सालाना सेस वसूली के बारे में पूछने पर अधिकारी स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। शुरुआत में 10 से 15 लाख रुपए का अनुमान बताया गया, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि यह मासिक वसूली का आंकड़ा था। इस पर उपलोकायुक्त ने एपीएमसी सचिव को फटकार लगाई और आय-वसूली का सही लेखा-जोखा रखने की हिदायत दी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

