गदग एपीएमसी में भाव गिरने से किसान परेशान, बिचौलियों पर मनमानी का आरोप
6,000 रुपए न्यूनतम भाव की मांग
गदग। गदग कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) में प्याज के दाम महज चार दिन में 5,000-6,000 रुपए प्रति क्विंटल से गिरकर 2,500-3,500 रुपए रह गए हैं। अचानक आई इस गिरावट से किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। नाराज किसानों ने बिचौलियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए प्रति क्विंटल कम से कम 6,000 रुपए भाव सुनिश्चित करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
किसानों का आरोप है कि सूखे और पानी की कमी के बीच बीज, खाद और मजदूरी पर बड़ी रकम खर्च कर उगाई गई प्याज मंडी पहुंचते ही सस्ती बिकने लगी है। उनका दावा है कि बिचौलिए बाजार में कीमतों को प्रभावित कर रहे हैं और किसानों को उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिल रहा।
भाव में गिरावट से किसानों के लिए उत्पादन लागत निकालना और कर्ज चुकाना मुश्किल हो गया है। किसानों ने एपीएमसी अधिकारियों और जिला प्रशासन पर समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
किसानों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर बाजार में बिचौलियों की कथित मनमानी रोकने तथा प्याज का न्यूनतम भाव 6,000 रुपए प्रति क्विंटल सुनिश्चित करने की मांग की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
