अंग्रेजों से लोहा लेकर स्वतंत्र गांव बना था ईसूर
1942 में मंदिर पर तिरंगा फहराकर की थी स्वशासन की घोषणा
पांच क्रांतिकारियों को फांसी और तीन ग्रामीण शहीद
शिवमोग्गा। जिले के शिकारीपुर तालुक का ईसूर गांव भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में विशेष स्थान रखता है। अंग्रेजी शासन को चुनौती देकर स्वतंत्र गांव घोषित करने वाले ईसूर के ग्रामीणों ने अदम्य साहस और सामूहिक संघर्ष की मिसाल पेश की थी। आज भी यह गांव अपने वीर सपूतों के बलिदान और देशभक्ति के लिए याद किया जाता है।
महात्मा गांधी के 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के आह्वान पर ईसूर के ग्रामीणों ने अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने राजस्व देने से इनकार कर दिया और बिना किसी बाहरी नेतृत्व के स्वस्फूर्त आंदोलन शुरू किया। उनका संकल्प था-चाहे अपना सब कुछ दे दें, लेकिन ईसूर की धरती नहीं छोड़ेंगे।
तिरंगा फहराकर घोषित किया स्वतंत्र गांव
26 सितंबर 1942 को ग्रामीणों ने वीरभद्रेश्वर मंदिर पर तिरंगा फहराकर ईसूर को स्वतंत्र गांव घोषित कर दिया। अपनी शासन व्यवस्था भी गठित की। महज 14 वर्षीय जयण्णा को अमलदार और मल्लण्णा को पुलिस उपनिरीक्षक नियुक्त किया गया।
विद्रोह को दबाने के लिए अंग्रेजी सरकार ने पुलिस बल भेजा। गांव पहुंचे अधिकारियों को ग्रामीणों ने खादी टोपी पहनने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच संघर्ष तेज हो गया। इस दौरान पुलिस उपनिरीक्षक केंचेगौड़ा और अमलदार चन्नकृष्णय्या की हत्या कर दी गई।
अंग्रेजी दमन, पांच क्रांतिकारियों को फांसी
घटना से नाराज ब्रिटिश प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल भेजकर गांव पर हमला किया। घरों में लूटपाट की गई और महिलाओं तथा बच्चों सहित ग्रामीणों पर अत्याचार किए गए। आंदोलन का समर्थन करने वाले साहूकार बसवण्णप्पा का घर जला दिया गया। पुलिस की लाठीचार्ज और गोलीबारी में तीन ग्रामीण शहीद हुए। बड़ी संख्या में लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई ग्रामीण जंगलों में छिप गए।
इस मामले में गिरफ्तार 50 ग्रामीणों को बेंगलूरु और शिवमोग्गा की जेलों में रखा गया। सुनवाई के बाद कई लोगों को निर्दोष घोषित कर रिहा कर दिया गया। हालांकि, गौडर शंकरप्पा, बडकल्ली हालप्पा, के. मल्लप्पा, के. गुरप्पा और सूर्यनारायणाचार्य को मृत्युदंड सुनाया गया। पांचों को 8 मार्च 1943 को बेंगलूरु की केंद्रीय जेल में फांसी दे दी गई। अन्य आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
बलिदान की अमिट विरासत
ईसूर के पांचों क्रांतिकारियों की स्मृति में गांव में स्मारक बनाया गया है। अंग्रेजी शासन के विरुद्ध सामूहिक विद्रोह, स्वतंत्र शासन की घोषणा और पांच क्रांतिकारियों का बलिदान इस गांव को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में विशिष्ट पहचान दिलाता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

