250 करोड़ की विकास योजना तैयार
पहले चरण में 50 करोड़ रुपए के छह कार्यों का प्रस्ताव
संगम घाट, पार्किंग और मंदिर परिसर को मिलेगा आधुनिक स्वरूप
कलबुर्गी। कल्याण कर्नाटक के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गाणगापुर स्थित भगवान दत्तात्रेय मंदिर के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार ने 250 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी मास्टर प्लान तैयार की है। इसका उद्देश्य इस तीर्थ-क्षेत्र को प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के तौर पर विकसित करना है। पहले चरण में 50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है। शीघ्र ही मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद कार्य शुरू होने की संभावना है।
पहले चरण में छह प्रमुख कार्य
पहले चरण के प्रस्तावित कार्यों में संगम घाट का 17.12 करोड़, पापविनाश तीर्थ का 12.50 करोड़, पार्किंग एवं परिवहन व्यवस्था का 9.10 करोड़, मंदिर तक विशेष पैदल मार्ग का 6.50 करोड़ और मंदिर परिसर के विकास का 4.25 करोड़ रुपए का प्रावधान है। इसके अलावा बस स्टैंड से मंदिर तक पैदल मार्ग बनाने पर 52 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
860 कारों की पार्किंग सुविधा
यात्रियों की सुविधा के लिए 860 कारों और 500 दोपहिया वाहनों की क्षमता वाला पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। पापविनाश तीर्थ में सुरक्षित स्नान के लिए विशेष व्यवस्था और फ्लोटिंग जेटी बनाई जाएगी। संगम घाट पर 40 तथा मंदिर मार्ग पर 30 व्यावसायिक दुकानें विकसित की जाएंगी।
दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए व्हीलचेयर अनुकूल प्रवेश, अलग दर्शन और निकास व्यवस्था होगी। इसके अलावा सूचना केंद्र, विश्राम कक्ष, आधुनिक शौचालय, उद्यान और आकर्षक विद्युत सजावट की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
योजना से गाणगापुर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ कलबुर्गी जिले के धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

