3,500 रुपए प्रति टन तय हुआ गन्ना मूल्य
चीनी की कीमत बढऩे पर 100 रुपए अतिरिक्त लाभांश देने पर भी सहमति
कलबुर्गी। गन्ने के उचित मूल्य की मांग को लेकर 16 दिनों से जारी किसानों का आंदोलन शनिवार देर रात समझौते के साथ समाप्त हो गया। जिला प्रशासन की मध्यस्थता में चीनी मिल प्रबंधन ने प्रति टन 3,500 रुपए मूल्य और चीनी की कीमत बढऩे पर 100 रुपए अतिरिक्त लाभांश देने पर सहमति जताई।
कर्नाटक राज्य किसान संघ के नेतृत्व में हजारों किसानों ने शनिवार को रैली निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया। किसान बेलगावी की तर्ज पर 3,600 रुपए प्रति टन की मांग कर रहे थे।
जिलाधिकारी इक्रम शरीफ की अध्यक्षता में रात 8.30 बजे शुरू हुई वार्ता ढाई घंटे से अधिक चली। मिल प्रबंधन ने शुरुआत में 3,450 रुपए देने का प्रस्ताव रखा, जिसे किसानों ने ठुकरा दिया। अंतत: 3,500 रुपए प्रति टन और अतिरिक्त लाभांश पर सहमति बनी।
इससे पहले अधिकारियों के साथ बातचीत बेनतीजा रही थी। किसान नेताओं ने जिलाधिकारी की मौजूदगी में निर्णय लेने की मांग की थी। इसके बाद शरीफ की मध्यस्थता में समझौता हुआ।
किसान नेता शशिकांत गुरुजी और चुन्नप्पा पुजारी ने इसे 16 दिनों के संघर्ष और किसानों की एकजुटता की जीत बताया। समझौते के साथ जिले में गन्ना मूल्य को लेकर जारी गतिरोध समाप्त हो गया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

