38 हाथियों के स्थानांतरण पर सियासी संग्राम
बेलूर से भद्रा अभयारण्य लाए गए हाथी, स्थानीय विरोध के बावजूद पांचवें दिन भी जारी रहा वन विभाग का अभियान
नयना मोटम्मा ने दिखाया इस्तीफा पत्र
विधायकों का सवाल- हासन के लोगों की जान की कीमत अधिक और चिक्कमगलूरु के लोगों की कम क्यों?
चिक्कमगलूरु। हासन जिले के बेलूर क्षेत्र से जंगली हाथियों को चिक्कमगलूरु जिले के भद्रा अभयारण्य में स्थानांतरित करने को लेकर विवाद गहरा गया है। किसानों और पर्यावरणविदों के विरोध तथा तीन विधायकों की इस्तीफे की चेतावनी के बावजूद वन विभाग ने अभियान जारी रखा। पांचवें दिन तक 38 हाथियों को भद्रा वन क्षेत्र में पहुंचाया जा चुका है।
इस कार्रवाई के विरोध में चिक्कमगलूरु, शृंगेरी और मूडिगेरे के विधायक एच.डी. तम्मय्या, टी.डी. राजेगौड़ा और नयना मोटम्मा एकजुट हो गए हैं। संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने वन विभाग के फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए हाथियों को वापस उनके मूल क्षेत्र में भेजने की मांग की। मूडिगेरे की विधायक नयना मोटम्मा ने अपना इस्तीफा पत्र दिखाते हुए चेतावनी दी कि हाथियों को वापस नहीं भेजा गया तो वह विधानसभा की सदस्यता छोड़ देंगी।
विधायकों के अनुसार, बेलूर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने के नाम पर 56 हाथियों को भद्रा टाइगर रिजर्व की ओर खदेडऩे की योजना बनाई गई है। इसके लिए 100 से अधिक वनकर्मियों को तैनात किया गया है। एपीसीसीएफ मनोज राजन के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत हाथियों को मूडिगेरे की ओर लाया गया।
पहले से 450 से अधिक हाथियों का दबाव
विधायक टी.डी. राजेगौड़ा ने कहा कि शृंगेरी क्षेत्र में पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान हाथियों के हमलों में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में पहले से हाथियों की बड़ी आबादी वाले मुत्तोडी वन क्षेत्र में और हाथियों को लाना खतरे को बढ़ाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाथियों के प्राकृतिक आवागमन पर आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्हें एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जबरन खदेडक़र लाना स्वीकार्य नहीं है।
बैठक से पहले ही शुरू कर दिया अभियान
विधायकों ने कहा कि वन मंत्री और अधिकारियों को पहले ही लिखित आपत्ति दी गई थी। सरकार ने 25 नवंबर को उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर 30 नवंबर को चर्चा के बाद निर्णय लेने की बात कही थी। इसके बावजूद वन विभाग ने बैठक से पहले ही अभियान शुरू कर दिया। नयना मोटम्मा ने सवाल उठाया कि जनप्रतिनिधियों के विरोध के बावजूद अधिकारियों ने एक तरफा कार्रवाई कैसे शुरू कर दी? उन्होंने कहा कि हासन के लोगों की जान की कीमत अधिक और चिक्कमगलूरु के लोगों की कम नहीं है।
अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
विधायक एच.डी. तम्मय्या ने संबंधित डीएफओ हरिश को निलंबित करने और अभियान में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर किसानों और आम लोगों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती।
तीनों विधायकों ने मुख्यमंत्री और वन मंत्री से हस्तक्षेप कर हाथियों को वापस भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि विरोध वन्यजीव संरक्षण के खिलाफ नहीं, बल्कि दूसरे क्षेत्र के हाथियों को जबरन उनके विधानसभा क्षेत्रों में लाने के फैसले के खिलाफ है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

