बेलूर से 120 किमी दूर भद्रा टाइगर रिजर्व में हाथियों को स्थानांतरित करने का आदेश
हाथियों के पारंपरिक गलियारे अतिक्रमण और अवरोधों से प्रभावित
विशेषज्ञों की चिंता- नए झुंड को मौजूदा हाथी स्वीकार करेंगे या नहीं, जंगल की धारण क्षमता पर भी सवाल
चिक्कमगलूरु। पश्चिमी घाट के करीब 500 वर्ग किलोमीटर में फैला भद्रा टाइगर रिजर्व वन्यजीवों की समृद्ध विरासत का प्रमुख केंद्र है। यहां पहले से ही 445 से अधिक हाथी मौजूद हैं। अब हासन जिले के बेलूर तालुक में मौजूद 56 हाथियों को करीब 120 किलोमीटर दूर भद्रा के जंगल में पहुंचाने का वन विभाग ने आदेश दिया है। हालांकि, वन्यजीव और पर्यावरण विशेषज्ञों ने इस फैसले की व्यवहारिकता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हाथियों को एक जंगल से दूसरे जंगल में स्थानांतरित करना आसान नहीं है। वहां पहले से मौजूद हाथियों के झुंड नए हाथियों को स्वीकार करेंगे या नहीं, यह भी बड़ा सवाल है।
भद्रा के जंगल में बाघ, हाथी, तेंदुए, गौर (जंगली भैंसे), सांभर, जंगली कुत्ते और विशालकाय गिलहरियों सहित अनेक वन्यजीव पाए जाते हैं। करीब 25 वर्ष पहले यहां गौर की संख्या घटकर केवल तीन-चार रह गई थी, लेकिन अब इनकी संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वन विभाग के अनुमान के अनुसार, वर्तमान में यहां 445 हाथी हैं।
पहले भी दूसरे जंगलों से लाए गए वन्यजीव लौटने की कोशिश कर चुके
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, पहले भी दूसरे क्षेत्रों से पकडक़र भद्रा के जंगल में छोड़े गए कई वन्यजीव वापस अपने पुराने ठिकानों की ओर जाने का प्रयास कर चुके हैं। इस दौरान मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं भी हुईं। विशेष रूप से कुछ बाघों की अपने पुराने क्षेत्र में लौटने की कोशिश के दौरान मौत हो गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि हाथियों को भेड़-बकरियों के झुंड की तरह हांककर 120 किलोमीटर दूर जंगल तक पहुंचाना संभव नहीं है। हाथियों के पारंपरिक आवागमन के गलियारे अतिक्रमण की चपेट में हैं। जगह-जगह हाथी रोधी खाइयां, टेंटेकल बाड़ और रेलवे बैरिकेड बनाए गए हैं। ऐसे में हाथियों को इन अवरोधों से पार कराना बड़ी चुनौती होगी।
क्या मौजूदा झुंड नए हाथियों को स्वीकार करेंगे
भद्रा वन्यजीव संरक्षण संस्था के प्रमुख डी.वी. गिरीश के अनुसार, जंगल में पहले से मौजूद हाथियों ने अपने झुंड बना लिए हैं। उन्होंने भोजन और पानी की उपलब्धता वाले क्षेत्रों की पहचान कर ली है। ऐसे में दूसरे झुंड के पहुंचने पर मौजूदा हाथी उनके साथ भोजन और पानी के संसाधन साझा करेंगे, इसकी कोई गारंटी नहीं है। यदि उन्हें नया क्षेत्र असुरक्षित लगा तो वे वहां से वापस लौटने का प्रयास कर सकते हैं।
जंगल में कृत्रिम जलाशयों पर भी सवाल
गिरीश ने कहा कि भद्रा जंगल में हाथियों की संख्या पहले से बढ़ रही है। जंगल में वन्यजीवों की मृत्यु और जीवन प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। गर्मियों में भोजन और पानी की कमी, आपसी संघर्ष तथा बीमारियों के कारण कुछ वन्यजीवों की मौत होती है।
भद्रा के अलावा सोमवाहिनी, तडबेहल्ली, नायीसत्त और हेब्बे नदियां-नाले यहां जल के प्राकृतिक स्रोत हैं। इसके अलावा सैकड़ों कृत्रिम जलाशय भी बनाए गए हैं। उनका आरोप है कि वन विभाग का ध्यान सफारी के दौरान पर्यटकों को अधिक से अधिक वन्यजीव दिखाने पर केंद्रित हो गया है, जिससे जंगल के प्राकृतिक पर्यावरण और वन्यजीवों के जीवन पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि भद्रा जंगल की वास्तविक धारण क्षमता कितनी है, इसका स्पष्ट आकलन उपलब्ध नहीं है। सभी वन्यजीवों को एक ही अभयारण्य में स्थानांतरित करना उचित नहीं है। हाथियों को उनके पारंपरिक आवागमन मार्गों पर निर्बाध रूप से घूमने का अवसर देना अधिक महत्वपूर्ण है।
35 से अधिक बाघ, 116 तेंदुए और 445 हाथी
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की 2023 की रिपोर्ट के अनुसार, भद्रा टाइगर रिजर्व का कोर क्षेत्र 500.16 वर्ग किलोमीटर और बफर क्षेत्र 571.84 वर्ग किलोमीटर है। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक यहां 35 से अधिक बाघ, 116 तेंदुए और 445 हाथी हैं।
यह जंगल 40 से अधिक स्तनधारी प्रजातियों, 250 से अधिक पक्षी प्रजातियों, 30 से अधिक सरीसृप प्रजातियों, 20 उभयचर प्रजातियों, 40 से अधिक मछली प्रजातियों और लगभग 250 प्रकार की तितलियों का भी आश्रयस्थल है।
हाथियों के सॉफ्ट रिलीज केंद्र का स्थान भी बदला
भद्रा टाइगर रिजर्व में प्रस्तावित हाथियों के सॉफ्ट रिलीज केंद्र को राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) से मंजूरी नहीं मिली। इसके बाद इस परियोजना को तीर्थहल्ली नहीं, बल्कि तरीकेरे तालुक में स्थानांतरित किया गया। एनटीसीए का मानना था कि भद्रा बाघों का प्राकृतिक आवास है और यहां हाथियों का सॉफ्ट रिलीज केंद्र बनाने से बाघों के स्वाभाविक जीवन पर असर पड़ सकता है।
कोई परेशानी नहीं होगी
भद्रा टाइगर रिजर्व में हाथियों को रखने की पर्याप्त धारण क्षमता है। वहां पहले से मौजूद अन्य वन्यजीवों को इससे कोई परेशानी नहीं होगी।
–यशपाल क्षीरसागर, मुख्य वन संरक्षण अधिकारी, चिक्कमगलूरु सर्किल
भद्रा टाइगर रिजर्व का ऐतिहासिक सफर
-1915 में ब्रिटिश शासन के दौरान इसे आरक्षित वन घोषित किया गया।
-1951 में 124.63 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को जागर घाटी वन्यजीव अभयारण्य घोषित किया गया।
-1974 में इसका विस्तार कर क्षेत्रफल 492.46 वर्ग किलोमीटर किया गया और इसका नाम भद्रा वन्यजीव अभयारण्य रखा गया।
-1998 में इसे भद्रा टाइगर रिजर्व घोषित किया गया। यह भारत का 25वां और कर्नाटक का दूसरा टाइगर रिजर्व बना।
-परियोजना के तहत 16 गांवों के 736 से अधिक परिवारों का पुनर्वास किया गया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

