एमबी पाटील ने बिदरी को बताया ‘पक्का झूठा’
वीरप्पन अभियान की अनियमितताओं को प्रमाणों सहित उजागर करने की दी चेतावनी
सिद्धगंगाश्री से जुड़े षड्यंत्र का सच सामने लाने का दावा
विजयपुर। ‘बसव मंटप’ पुस्तक विवाद ने अब लिंगायत समाज के दो प्रमुख नेताओं के बीच खुली जुबानी जंग का रूप ले लिया है। मंत्री एमबी पाटील ने सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक और वीरशैव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर बिदरी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘पक्का झूठा’ करार दिया। साथ ही, वीरप्पन के खिलाफ विशेष कार्यबल (एसटीएफ) अभियान के दौरान हुई कथित अनियमितताओं और अनैतिक गतिविधियों को प्रमाणों के साथ उजागर करने की चेतावनी दी।
पाटील ने बिदरी से बसवण्णा का अपमान करने वाले व्यक्ति के साथ मंच साझा करने पर महासभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि तीन-चार राजनीतिक दल बदलने और चुनाव में जमानत गंवाने वाले बिदरी से समाज को उपदेश लेने की जरूरत नहीं है। लिंगराज निधि से शिक्षा प्राप्त करने वाले बिदरी ने समाज के लिए क्या योगदान दिया, यह भी उन्हें बताना चाहिए।
सिद्धगंगा मठ के वरिष्ठ मठ प्रमुख से मुलाकात कराने के लिए अपने कार्यालय आने के बिदरी के दावे को पाटील ने पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि वे बिदरी के कार्यालय कभी गए ही नहीं। सिद्धगंगाश्री से जुड़े मामले में हुए षड्यंत्र का सच जल्द ही जनता के सामने लाएंगे।
दरअसल, शिकागो निवासी लेखक रवि हंज की पुस्तक ‘बसव मंटप’ में बसवण्णा के बारे में कथित आपत्तिजनक सामग्री को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पुस्तक विमोचन में बिदरी और मनु बलिगार की मौजूदगी पर पाटील की टिप्पणी के बाद बिदरी ने उन पर समाज को बांटकर मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखने का आरोप लगाया था। इसी के जवाब में पाटील ने अब पलटवार किया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

