56 हाथियों को खदेडऩे की मुहिम से दो जिलों में तनाव, कॉफी बागानों में काम बंदमूडीगेरे तालुक के माकोनहल्ली के पास डेरा डाले हाथियों का झुंड।

मूडीगेरे में दहशत; लोग घरों से निकलने में डर रहे, बच्चों को दूसरे गांवों के स्कूल भेजने से कतरा रहे अभिभावक

स्थानीय विरोध और विधायक के इस्तीफे के बाद हाथियों को खदेडऩे का अभियान रोका

दोनों जिलों के ग्रामीण सीमा पर आमने-सामने

चिक्कमगलूरु। हासन जिले के बेलूर तालुक से 56 जंगली हाथियों को भद्रा टाइगर रिजर्व की ओर खदेडऩे की वन विभाग की मुहिम ने हासन और चिक्कमगलूरु जिलों की सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है। मूडीगेरे तालुक के कई गांवों में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। कॉफी बागानों में फसल तोडऩे का काम ठप हो गया है, वहीं अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं।

बेलूर तालुक में मौजूद 58 जंगली हाथियों में से दो को पकडक़र दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा चुका है। शेष 56 हाथियों को भद्रा टाइगर रिजर्व की ओर खदेडऩे का अभियान शुरू किया गया था। रविवार तडक़े हाथियों का झुंड मूडीगेरे तालुक में पहुंचा। सोमवार शाम तक ये गौतल्ली, पुर और माकोनहल्ली क्षेत्रों में सक्रिय थे। इस दौरान हाथियों ने धान के खेतों में फसल को नुकसान पहुंचाया।

स्थानीय विरोध और विधायक नयना मोटम्मा के इस्तीफे के बाद वन विभाग ने हाथियों को खदेडऩे का अभियान रोक दिया है। अधिकारियों के अनुसार, हाथी फिलहाल जिस क्षेत्र में हैं, वहां से स्वाभाविक रूप से जिस दिशा में जाएंगे, उसी के अनुसार लोगों को सतर्क किया जाएगा।

तीन झुंडों में बंटे हाथी

वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, 38 हाथी तीन अलग-अलग झुंडों में हैं। इनमें से एक झुंड वापस लौट गया है, जबकि दो झुंड अभी मूडीगेरे तालुक में हैं और तात्कोल वन क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं।

गौतल्ली, पुर और माकोनहल्ली के आसपास सोमवार को वन विभाग ने लाउडस्पीकर से लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी थी। कॉफी बागानों में काम बंद रखने की अपील की गई। इसके बावजूद माकोनहल्ली के पास बागान में काम शुरू करने वाले मजदूरों को वापस भेज दिया गया।

गांव के स्थानीय स्कूलों में बच्चे पहुंचे, लेकिन अभिभावकों ने दूसरे गांवों के स्कूलों में बच्चों को भेजने से परहेज किया। बसों का संचालन सामान्य रहा। इस बीच मूडीगेरे तहसीलदार ने 30 गांवों में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया, लेकिन दोपहर में इसे वापस ले लिया। इससे लोगों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई।

ग्रामीणों की चेतावनी- जान दे देंगे, लेकिन हाथियों को नहीं आने देंगे

मूडीगेरे तालुक के तुदियाल, होरट्टी, नंदीपुर, मूडससी और बारदहल्ली क्षेत्रों में किसी भी समय हाथियों के पहुंचने की आशंका जताई गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, पटाखे नहीं फोडऩे और हाथियों पर पत्थर नहीं फेंकने की अपील की है। गांवों में माइक से घोषणाएं करने के साथ स्थानीय व्हाट्सऐप समूहों में भी चेतावनी साझा की गई।

दूसरी ओर, मूडीगेरे कस्बे में विभिन्न संगठनों के नेताओं ने बैठक कर वन विभाग की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी कि हाथियों को खदेडऩे का अभियान दोबारा शुरू हुआ तो वे खुद रास्ते में खड़े होकर रोकेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें अपनी जान ही क्यों न गंवानी पड़े।

विधान परिषद के पूर्व उपसभापति एम.के. प्राणेश ने कहा कि सरकार तत्काल अपना निर्णय स्पष्ट करे। ऐसा नहीं होने पर मूडीगेरे बंद का आह्वान किया जाएगा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोककर प्रदर्शन किया जाएगा।

मुत्तोडी में भी स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। शिरवसे-मल्लंदूर-होन्नाल्ली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोककर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि भद्रा टाइगर रिजर्व के सीमावर्ती गांवों में पहले से ही हाथियों का उत्पात बढ़ा हुआ है। ऐसे में और हाथियों को यहां लाना उचित नहीं है।

दूसरी ओर, चिक्कमगलूरु जिले की तरफ पहुंचे हाथियों को वापस बेलूर तालुक में प्रवेश करने से रोकने की मांग वहां के ग्रामीण भी कर रहे हैं। रविवार रात दोनों जिलों के ग्रामीणों के बीच सीमा पर कहासुनी और झड़प की स्थिति भी बनी थी।

हाथियों को आखिर कहां छोड़ा जाए

वन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि बेलूर क्षेत्र में वन भूमि सीमित है। वहां उत्पात मचा रहे जंगली हाथियों को कहां स्थानांतरित किया जाए, इस बारे में चिक्कमगलूरु क्षेत्र के विधायक ही सुझाव दें। सरकार उनके सुझाव के अनुसार निर्णय लेगी। बेलूर तालुक में करीब 55 जंगली हाथी हैं, जबकि वहां केवल 13,917 एकड़ वन भूमि उपलब्ध है। यह वन क्षेत्र एक जगह पर स्थित नहीं है, बल्कि कॉफी बागानों और गांवों के बीच बिखरा हुआ है। इसके कारण हाथी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की जान और फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वर्ष 2019 में यहां केवल सात हाथी थे। अब इनकी संख्या काफी बढ़ गई है।

मंत्री ने कहा कि हाथियों को 1.41 लाख एकड़ क्षेत्रफल वाले भद्रा टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया था। बफर क्षेत्र सहित इसका कुल विस्तार 2.62 लाख एकड़ है। हालांकि, चिक्कमगलूरु के विधायकों ने इस निर्णय पर चिंता जताई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि हाथियों को जंगल में छोडऩे के बाद वे दोबारा आबादी वाले क्षेत्रों में नहीं आएंगे और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके बावजूद विधायकों की चिंता दूर नहीं हुई है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में संबंधित विधायकों की बैठक बुलाकर चर्चा की जाएगी। बेलूर और चिक्कमगलूरु दोनों क्षेत्रों के लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए विधायक उचित समाधान सुझाएं। सरकार उसी के अनुसार कदम उठाएगी।

विधायक कर रहे इस्तीफे का नाटक

विधान परिषद सदस्य सी.टी. रवि ने आरोप लगाया कि जनाक्रोश से बचने के लिए विधायक इस्तीफे का नाटक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस्तीफा देने के बजाय विधायक को हासन जिला प्रभारी मंत्री के.एम. शिवलिंगेगौड़ा का इस्तीफा मांगना चाहिए था और हाथियों को चिक्कमगलूरु जिले में प्रवेश करने से रोकने की मांग करनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक में प्रभारी मंत्री का इस्तीफा मांगने का साहस नहीं है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *