तेक्कलकोटे में हत्या के बाद दहशत; गोरव, चलवादी और मादर मोहल्लों के 150-200 परिवारों ने बच्चों समेत छोड़ा कस्बा
पुलिस की समझाइश भी बेअसर, परिवारों को वापस लाने के लिए शांति बैठक आयोजित करने की तैयारी
बल्लारी। जिले के तेक्कलकोटे कस्बे में हाल ही हुई हत्या की घटना ने दलित समुदाय के परिवारों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। जान का खतरा महसूस कर रहे गोरव, चलवादी और मादर मोहल्लों के 150 से 200 परिवारों के 600 से अधिक लोग करीब दस दिन पहले ही बच्चों समेत कस्बा छोडक़र चले गए। उन्हें वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। पुलिस की समझाइश का भी परिवारों पर कोई असर नहीं हुआ है।
पलायन की वजह
पुलिस के अनुसार, कस्बे के 13वें वार्ड निवासी वाल्मीकि समुदाय के एस. हनुमंतप्पा (37) के लापता होने की शिकायत उनकी पत्नी ने 27 अक्टूबर को तेक्कलकोटे पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने पहले वार्ड निवासी उपेंद्र उर्फ हुच्चप्पा (27), शशिकुमार गोरव (30), मल्लिकार्जुन (22) और गंगाधर (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान हनुमंतप्पा की हत्या किए जाने का मामला सामने आया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और समुदाय के लोगों ने 20 नवंबर को तेक्कलकोटे और सिरुगुप्पा में पदयात्रा निकालकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने मामले की जांच तेज करने और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। इस घटनाक्रम के बाद समुदाय के लोगों में भय बढ़ा और बड़ी संख्या में परिवारों ने कस्बा छोड़ दिया।
शांति बैठक से लौटाने की कोशिश
पलायन कर चुके परिवारों में भरोसा बहाल करने के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग, समाज कल्याण विभाग, अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से शांति बैठक आयोजित करेंगे।
विश्वास पैदा करने के प्रयास
जिला अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के सहायक निदेशक शाषु मोईद्दीन ने बताया कि परिवारों को दोबारा गांव लौटने के लिए प्रोत्साहित करने और उनमें विश्वास पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शांति बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया
सिरुगुप्पा की तहसीलदार गौसिया बेगम ने बताया कि जिला समाज कल्याण अधिकारी, पुलिस विभाग और स्थानीय समुदायों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में शांति बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

