देर रात कामन्ना दहन, सुबह रंगों की बौछार
कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण आयोजन
बल्लारी. शहर में होली पर्व के अवसर पर मंगलवार देर रात विभिन्न स्थानों पर कामदेव (कामन्ना) की प्रतिकृति बनाकर पारंपरिक रूप से दहन किया गया। बच्चे और बुजुर्गों ने एक साथ उत्साहपूर्वक इस कार्यक्रम में भाग लिया।
परंपरा के अनुसार कामन्न की प्रतिमा को सजाया गया, ढोल-ताशों की धुन पर जुलूस निकाला गया। श्रद्धालु “हम कामन्ना के बच्चे हैं” जैसे पारंपरिक उद्घोष करते हुए चिता उठाकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। बाद में प्रमुख चौराहों पर लकडिय़ों का ढेर लगाकर विधिवत अग्नि प्रज्वलित कर कामन्ना दहन किया गया।
काम दहन के उपरांत बुधवार सुबह से रंगोत्सव की शुरुआत हुई। बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने एक-दूसरे पर रंग और गुलाल उड़ाकर आनंद व्यक्त किया। कई स्थानों पर डीजे की धुन पर युवाओं ने नृत्य कर उत्सव का उत्साह दोगुना कर दिया। कुछ इलाकों में विशेष पूजा-अर्चना कर बुराइयों के नाश और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना भी की गई।
पुलिस विभाग की ओर से व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जाने के कारण शहर में कहीं भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कड़ी निगरानी और सतर्कता के बीच होली का त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

