देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणनाजिलाधिकारी स्वरूपा टी.के.।

2027 में शुरू होगी जनसंख्या गणना

उडुपी में तैयारी बैठक

14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान भी होगा शुरू

उडुपी. जिलाधिकारी स्वरूपा टी.के. ने कहा कि जिले में 2027 की जनगणना को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। देश में पहली बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी और इसमें स्वयं-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित पूर्वतैयारी बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वरूपा टी.के. ने कहा कि पहले चरण में 16 अप्रेल से 30 दिनों तक घरों की सूची तैयार करने का काम किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में फरवरी 2027 से जनसंख्या की गणना शुरू होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार गणना कार्य के लिए आवश्यक अधिकारी और कर्मचारियों की नियुक्ति करनी चाहिए। घरों की सूची तैयार करने, डेटा संग्रह, सत्यापन और निगरानी के लिए मोबाइल एप्लिकेशन और केंद्रीय पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। साथ ही जीपीएस आधारित मैपिंग भी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रशिक्षकों की अंतिम सूची तैयार करने, जिला जनगणना अधिकारियों के प्रशिक्षण और फील्ड कर्मचारियों की नियुक्ति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को सभी विभागों के समन्वय से तय समयसीमा में कार्य पूरा करने को कहा गया।

इस दौरान मणिपाल में आयोजित एक अन्य बैठक में जिलाधिकारी ने 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के बारे में भी जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। इस अभियान के तहत जिले की 11,274 बालिकाओं को एक डोज मुफ्त टीका लगाया जाएगा, जो गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव में मददगार होगा।

यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और इसके लिए अभिभावकों की सहमति आवश्यक होगी। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालुक अस्पताल और मातृ-शिशु अस्पतालों में तीन महीने तक टीकाकरण किया जाएगा।

सांसद कोटा श्रीनिवास पूजारी ने कहा कि 13 मार्च को उडुपी बोर्ड स्कूल में छात्राओं को टीका लगाकर अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह टीका करीब 93 प्रतिशत तक प्रभावी है, इसलिए इसके प्रति व्यापक जागरूकता जरूरी है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *