डॉक्टरों ने किया था मृत घोषित
बागलकोट के जमखंडी में हैरान करने वाली घटना
सडक़ के हंप से झटका लगते ही सांस लेने लगा बुजुर्ग
बागलकोट. जिले के जमखंडी में एक चौंकाने वाली और लगभग चमत्कार जैसी घटना सामने आई है। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे एक बुजुर्ग रास्ते में अचानक उठकर बैठ गए और बात करने लगे।
जमखंडी शहर के मोमिन गली निवासी मुबारक आवटी (65) को गंभीर बीमारी के कारण बेलगावी के केएलई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था और यह खबर परिवार को दे दी गई थी।
डॉक्टरों की बात सुनकर परिजन शव को वाहन में रखकर अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव ले जा रहे थे। इसी दौरान लोकापुर के पास वाहन सडक़ के हंप (उभार) पर चढक़र नीचे उतरा, जिससे वाहन को जोरदार झटका लगा।
बताया गया है कि उसी झटके के बाद मृत समझे जा रहे मुबारक आवटी अचानक सांस लेने लगे और उठकर बैठ गए। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने परिजनों से बातचीत भी शुरू कर दी।
यह देखकर परिवार के लोग हैरान और स्तब्ध रह गए। इसके बाद तुरंत उन्हें विजयपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका आगे इलाज चल रहा है।
इस अजीब घटना की चर्चा पूरे जिले में हो रही है और लोग इसे मौत को मात देकर लौटने जैसा चमत्कार मान रहे हैं।

