डीसी डॉ. आनंद के ने कहा
छात्रावास दिवस समारोह, खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दिया पुरस्कार
विजयपुर. शहर में जिला प्रशासन, जिला पंचायत और समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. बी.आर. आंबेडकर सरकारी प्री-मैट्रिक बालिका छात्रावास परिसर में वर्ष 2025-26 के छात्रावास दिवस तथा विभिन्न नवोन्मेषी कार्यक्रमों के समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. आनंद के. ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर और सावित्रीबाई फुले के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा पौधों को जल देकर किया।
उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य को आकार देने वाले महत्वपूर्ण शिक्षण केंद्र हैं। यहां पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए घर जैसा वातावरण तैयार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला स्तर के अधिकारियों को ‘हॉस्टल मेंटर’ के तौर पर नियुक्त किया गया है, जो समय-समय पर छात्रावासों का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद करते हैं और उनकी पढ़ाई, मानसिक मजबूती तथा स्वास्थ्य पर ध्यान देते हैं। साथ ही आवश्यक शैक्षणिक सामग्री और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनकर पढ़ाई करनी चाहिए और विषयों पर आपसी चर्चा से ज्ञान को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने छात्रावासों में पूर्व सफल विद्यार्थियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराने की भी सलाह दी, ताकि वर्तमान छात्राओं को प्रेरणा मिल सके।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक महेश पोतदार, सहायक निदेशक भवानी पाटील, मंजुला हिरेमनी, उमेश लमाणी सहित विभिन्न अधिकारी, वार्डन और छात्राएं उपस्थित थीं।

