बारिश में डूबने वाली सडक़ समस्या से मिली मुक्ति
कुमारधारा स्नानघाट के पास नई पुलिया और ऊंची सडक़ से राहत
सुब्रह्मण्य (दक्षिण कन्नड़). सुब्रह्मण्य के कुमारधारा स्नानघाट के पास पंज रोड पर सडक़ को ऊंचा कर दर्पणतीर्थ नदी पर बनाए गए नए पुल को यातायात के लिए खोल दिया गया है। इससे बरसात के मौसम में नदी का पानी सडक़ और पुल पर चढक़र मार्ग बंद होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सुब्रह्मण्य-मंजेश्वर राजमार्ग पर स्थित इस स्थान पर पहले बना पुल और सडक़ हर वर्ष मानसून के दौरान कुमारधारा और दर्पणतीर्थ नदियों की बाढ़ के कारण जलमग्न हो जाते थे। इससे यातायात बाधित हो जाता था और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि यहां नई पुलिया बनाकर सडक़ को ऊंचा किया जाए।
समस्या के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग ने कुल 6.5 करोड़ रुपए की लागत से परियोजना को मंजूरी दी। इसमें 4.5 करोड़ रुपए की लागत से दर्पणतीर्थ नदी पर नया पुल बनाया गया है, जबकि 2 करोड़ रुपए की लागत से पर्वतमुखी क्षेत्र से कुमारधारा स्नानघाट तक सडक़ को ऊंचा किया गया है। पिछले ग्रीष्मकाल में शुरू हुए निर्माण कार्य अब लगभग पूर्ण हो चुके हैं और पुल तथा सडक़ पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।
नई सडक़ और पुल पहले की तुलना में अधिक ऊंचाई पर बनाए गए हैं। हालांकि नदी के किनारे होने के कारण मिट्टी कटाव को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय अपनाने की जरूरत भी जताई गई है।
फिलहाल पुल के दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग लगाने का कार्य जारी है। साथ ही दोनिमक्की संपर्क मार्ग को इस सडक़ से जोडऩे का काम भी किया जाएगा, जिसके लिए पहले वहां स्थित बिजली के एक खंभे को हटाना होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश में सडक़ बंद हो जाने पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से नावों द्वारा लोगों को पार कराया जाता था। नई सडक़ और पुल के निर्माण से अब इस लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

