विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी

कागेरी को मौका, हेगडे को निराशा
हुब्बल्ली. पिछले तीन दशकों से राज्य की राजनीति में सक्रिय विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी को पहली बार लोकसभा चुनाव के मैदान में उतारा गया है, उनके बराबर ही राष्ट्रीय राजनीति में रहे अनंतकुमार हेगड़े को निराश होना पड़ा है।
विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष, राज्य मंत्री, सिरसी तथा अंकोला निर्वाचन क्षेत्रों से तीन-तीन बार विधायक रहे कागेरी वर्तमान लोकसभा चुनाव में उत्तर कन्नड़ निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे हैं। इसके साथ ही लगातार सात बार उम्मीदवार रहे अनंतकुमार हेगड़े को आठवीं बार चुनाव लडऩे का मौका छूट गया।
भाजपा के सूत्रों ने बताया कि भाजपा ने अनंत कुमार को इस बार संसदीय चुनाव से दूर रखा है, इसकी मुख्य वजह यह है कि वे अपने विवादित बयान के कारण आलोचना का सामना कर रहे थे और पार्टी के लिए शर्मिंदगी का कारण बन रहे थे।
2019 में जीत के बाद संसदीय क्षेत्र से दूर रहने वाले अनंतकुमार लोकसभा चुनाव नजदीक आने पर खुलकर सामने आ गए। उन्होंने भाजपा महाशक्ति केंद्रीय इकाइयों की बैठके कर प्रचार भी शुरू किया था। इस बार चुनाव लडऩे का मौका पाने के लिए उन्होंने केंद्रीय नेताओं के स्तर पर भी लॉबिंग की थी।
जिले के लोगों में भी उत्सुकता थी कि इस सीट से भाजपा का टिकट किसे मिल सकता है। रविवार को भाजपा ने इसे मुद्दे पर पूर्ण विराम लगाया दिया।
सिरसी तालुक के कागेरी गांव के विश्वेश्वर हेगड़े बी.कॉम स्नातक हैं। वे भाजपा के छात्र संगठन एबीवीपी के पूर्णकालिक कार्यकर्ता थे। उन्होंने 1990 में सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और भाजपा जिला इकाई के महासचिव और बाद में भाजपा युवा मोर्चा राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में काम किया है।
1994 से, वे लगातार तीन बार अंकोला निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए, और 2008 से, वे लगातार तीन बार सिरसी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए। उन्होंने 2006-07 में मुख्यमंत्री के संसदीय सचिव और 2008 में भाजपा सरकार के दौरान प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्री के तौर पर काम किया। 2019 में उन्होंने राज्य विधानसभा के अध्यक्ष के तौर पर काम किया। 2023 के विधानसभा चुनाव में उनकी हार हुई थी।

पार्टी ने अच्छा मौका दिया
पार्टी ने अच्छा मौका दिया है। हम सब मिलकर पार्टी को जिताएंगे।
विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी, भाजपा उम्मीदवार

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *